
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया, फरीदाबाद द्वारा संस्था के प्रधान बी. दास बतरा जी की देखरेख में विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम के साथ-साथ थैलेसीमिया के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस विशेष अवसर पर थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों को फाइव स्टार होटल रेडिसन ब्लू, ग्रेटर नोएडा ले जाया गया, जहां होटल के पूरे स्टाफ ने उनका अत्यंत गर्मजोशी एवं आत्मीयता के साथ स्वागत किया। इस आयोजन को सफल बनाने में मोहिंदर सिंह जी का विशेष योगदान सराहनीय रहा।
कार्यक्रम के दौरान थैलेसीमिया जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता पोस्टर भी रिलीज किया गया। इस पोस्टर के माध्यम से समाज को थैलेसीमिया की रोकथाम, समय पर जांच, जागरूकता और प्रभावित बच्चों के बेहतर जीवन हेतु प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
सभी बच्चों को एक समान रंग की विशेष टी-शर्ट प्रदान की गई, जिसे पहनकर बच्चों की खुशी देखते ही बनती थी। बच्चों के मनोरंजन हेतु विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया, जिनका बच्चों ने भरपूर आनंद उठाया। उनके चेहरों पर मुस्कान और उत्साह ने कार्यक्रम को और भी भावनात्मक एवं यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जानी-मानी पत्रकार एवं एंकर रिचा अनिरुद्ध थीं, जिनका स्वागत एस. एस. बांगा एवं उनकी धर्मपत्नी मीनू बांगा जी ने आत्मीयता और सम्मानपूर्वक किया।
इस अवसर पर थैलेसीमिया से जूझ रहे प्रतिभाशाली बालक गौरव सोनी ने राज कपूर के प्रसिद्ध गीत “किसी की मुस्कराहटों पे हो निसार, जीना इसी का नाम है” पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया। उसकी प्रस्तुति ने उपस्थित सभी अतिथियों को भावुक कर दिया तथा वातावरण को संवेदनाओं, प्रेरणा और आशा से भर दिया।
बच्चों के साथ एस. एस. बांगा, रिचा अनिरुद्ध एवं मोहिंदर सिंह जी ने भी उत्साहपूर्वक नृत्य कर बच्चों का मनोबल बढ़ाया। एस. एस. बांगा जी ने आश्वासन दिया कि वे प्रतिवर्ष इसी प्रकार के आयोजन कर बच्चों के जीवन में खुशियां लाने का प्रयास जारी रखेंगे।
जे. के. भाटिया जी के अनुरोध पर श्रीमती मीनू बांगा जी ने भविष्य में फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया के बैनर तले एक विशाल कीर्तन समागम आयोजित करने का आश्वासन दिया, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को थैलेसीमिया के प्रति जागरूक करना तथा प्रभावित बच्चों को स्वस्थ एवं बेहतर जीवन की दिशा प्रदान करना होगा।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों के लिए स्वादिष्ट एवं लजीज भोजन की विशेष व्यवस्था की गई, जिसका सभी बच्चों ने भरपूर आनंद लिया। साथ ही उपहार भेंट कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी गई।
इस अवसर पर जे. के. भाटिया, डॉ. सुधीर चंद्रा, डॉ. प्रमिला रामनिस बैथा, डॉ. संजू यादव, मोहिंदर सिंह, अंजू कपूर, विशाल सिंह, ज्ञानेंद्र, अनंत खन्ना, मनोज मैथ्यू, संदीप नारायण, विकास गुप्ता, तपनजीत, संजय गुप्ता एवं बबीता भट्ट सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अंत में संस्था के महासचिव रविंद्र डूडेजा ने सभी आयोजकों, अतिथियों एवं उपस्थित गणमान्यजनों का हृदय से धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन बच्चों के जीवन में खुशियां लाने के साथ-साथ समाज में थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रेरणादायक प्रयास है।
यह आयोजन न केवल बच्चों के लिए अविस्मरणीय एवं भावनात्मक रूप से समृद्ध अनुभव बना, बल्कि समाज को थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करने तथा सेवा, संवेदना और सहयोग का प्रेरणादायक संदेश देने में भी पूर्णतः सफल रहा।







