फरिदाबाद , जनतंत्र टुडे / पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने ख़ुशी जताई और प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसे बंगाल की जनता की आकांक्षाओं और परिवर्तन की भावना की जीत बताया। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और रविन्द्र नाथ टैगोर की ऐतिहासिक धरती पर पश्चिम बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन, विकास और “मोदी की गारंटी” पर विश्वास जताते हुए शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री चुनकर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त किया है।
श्री रामपाल ने आगे कहा कि पिछले एक दशक से अधिक समय में पश्चिम बंगाल की जनता अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति से परेशान रही है। आम नागरिकों के अधिकारों की अनदेखी हुई और विकास की गति बांधित रही। बंगाल की जनता ने अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य, बेहतर शिक्षा, रोजगार और समग्र विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को समर्थन दिया है। श्री पंकज पूजन रामपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा सरकार प्रदेश में विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए युग की शुरुआत करेगी। उनके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था मजबूत होगी, विकास को गति मिलेगी और हर वर्ग को न्याय एवं अवसर प्राप्त होंगे।
श्री रामपाल ने कहा कि पिछले वर्षों में भारतीय जनता पार्टी ने देश और कई राज्यों में सुशासन, विकास और पारदर्शिता का उदाहरण प्रस्तुत किया है, वही मॉडल अब पश्चिम बंगाल में भी दिखाई देगा। उन्होंने बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए इसे बदलाव और विकास का जनादेश बताया तथा शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशीथ प्रमाणिक को मंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।








