
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / ग्रेटर फरीदाबाद के गांव बुढ़ैना पहुंची डॉक्टर बिटिया तमन्ना चंदीला का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। आसपास के गांव और सगे संबंधियों का बधाई देने के लिए तांता लगा हुआ है। गांव बुढ़ैना में आज जश्न का माहौल है। गाँव की बेटी तमन्ना चंदीला ने एमबीबीएस की डिग्री पूरी कर न केवल अपने परिवार का बल्कि गांव का नाम रोशन किया है। वह इस गांव की पहली महिला डॉक्टर बन गई हैं। तमन्ना चंदीला की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। तमन्ना के दादा-दादी सबसे ज्यादा खुश है। पुरे परिवार में त्यौहार जैसा माहौल बना हुआ है।
डॉ.तमन्ना चंदीला की सफलता पर उनके दादा, मास्टर जगदीश चंदेला भावुक होते हुए बोले कि मैंने हमेशा शिक्षा की अहमियत को समझा है। आज मेरी पोती ने जो मुकाम हासिल किया है, उसने मेरे जीवन को सफल बना दिया। वह अब गाँव के हर बीमार और जरूरतमंद की सेवा करेगी। दादी चंद्रवती चंदेला ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उसकी रात-दिन की तपस्या का फल है। हमारी बिटिया ने साबित कर दिया कि अगर मौका मिले तो बेटियां आसमान छू सकती हैं।
डॉ.तमन्ना के पिता राजीव चंदीला अपनी बेटी की सफलता का श्रेय उसकी एकाग्रता को देते हैं। उन्होंने कहा कि तमन्ना बचपन से ही मेहनती थी। एक पिता के लिए इससे गर्व की बात क्या होगी कि उसकी बेटी अब डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करेगी। माता सोनिया ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि घर के कामकाज के साथ-साथ उसने अपनी पढ़ाई को हमेशा प्राथमिकता दी। आज उसका सपना पूरा होते देख मेरी आँखें भर आई हैं।
डॉ. तमन्ना के चाचा सुशील बुढ़ैना और पूर्व पार्षद सुमेश चंदीला ने इसे पूरे गांव की जीत बताया। उन्होंने कहा कि तमन्ना की यह सफलता बुढ़ैना की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। अब गांव के बच्चों को डॉक्टर बनने के लिए एक रोल मॉडल मिल गया है। डॉ. तमन्ना चंदीला ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार के अटूट सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है। गांव के लोगों ने मिठाई बांटकर और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के नारे के साथ डॉ.तमन्ना का भव्य स्वागत करने का निर्णय लिया है।






