
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद के जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने बृहस्पतिवार को बल्लभगढ़ अनाज मंडी का दौरा कर फसल खरीद का जायजा लिया और किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना। इस दौरान किसानों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के समक्ष मडी में फसल बेचने में आ रही समस्याओं को रखा। वहीं इस अवसर पर मंडी एसोसिएशन ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष का मंडी में पहुंचने पर फूलमालाओं से स्वागत भी किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। सरकार को चाहिए कि ऐसे कानून बनाए जिससे अन्नदाता सरलता से अपनी फसल को बेच सके लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार किसानों को परेशान करने के लिए आए दिन कोई न कोई ऐसे नियम और कानून थोंप देती है जिससे कि किसान परेशान होता रहता है।
उन्होंने बल्लभगढ अनाज मंडी में फैली अव्यवस्था के लिए मार्केट कमेटी के चेयरमैन व भाजपा सरकार की गलत नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि एक ओर तो सरकार किसानों को 72 घंटे में पेमेंट करने का दावा करती है लेकिन बल्लभगढ़ अनाज मंडी में किसान अपनी फसल के दाम के लिए आढतियों के चक्कर पे चक्कर काट रहे हैं लेकिन उन्हें पेमेंट नहीं हो रही। मंडी में उठान की भी बडी समस्या है। अनाज की बोरियों के ढेर लगे हुए हैं, जिससे किसानों की पेमेंट में दिक्कत आ रही है और मंडी के चेयरमैन एसी कमरे में बैठकर सत्ता के आनंद ले रहे हैं, उन्हें चाहिए कि किसानों की पेमेंट कराए और मंडी में निकलकर उठान की वयवस्था देखे। उन्होंने कहा कि किसान आज अपनी मेहनत की फसल बेचने के लिए अनेक दिक्कतों को झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि फसल खरीद से जुड़े पोर्टल में लगातार तकनीकी खामियां, ट्रैक्टर के नंबर और बायोमेट्रिक प्रणाली किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है। मंडी में पोर्टल के बार-बार क्रेश होने से किसानों को अपनी उपज लेकर घंटों, यहां तक कि कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। गेट पास प्राप्त करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली के पंजीकरण नंबर सहित फोटो अपलोड करना तथा बायोमेट्रिक/ अंगूठा सत्यापन की अनिवार्यता छोटे और सीमांत किसानों के लिए अतिरिक्त बोझ बन रही है। वहीं उन्होंने आढ़ती वर्ग की समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि वर्तमान महंगाई और बढ़ती लागत के बावजूद आढ़त दरों में अपेक्षित वृद्धि नहीं की गई है, जिससे उनका आर्थिक संतुलन बिगड़ रहा है और इसका सीधा प्रभाव किसानों पर पड़ रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि नई व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कर गेट पास एवं बायोमेट्रिक प्रणाली को खत्म किया जाए। वहीं पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर करने, सभी खरीद केंद्रों पर गुणवत्ता परीक्षण लैब को पूरी तरह कार्यशील करने, मंडियों में पर्याप्त सुविधाएं एवं भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित करने, आढ़त दरों की पुनर्समीक्षा कर उन्हें महंगाई के अनुरूप बढ़ाने तथा मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल को पुन: खोलने की मांग की ताकि कोई भी किसान अपनी उपज बेचने से वंचित न रहे।
इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस के जिला महासचिव एवं व्यापारी नेता ललित बंसल, मनोज अग्रवाल कांग्रेस नेता, मंडी एसोसिएशन के प्रधान पुरषोत्तम डागर, नरेश मंगला पूर्व प्रधान, नरेश शर्मा, राकेश गुप्ता आढ़ती, विकास फागना, गिर्राज प्रसाद अग्रवाल, पंकज मित्तल, राजेश मंगला, जुबेर खान, मनीष कुमार आदि अनेकों मौजूद थे।





