
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय में बी.एससी. विद्यार्थियों के लिए गणित विषय में एक विस्तार व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया। इस व्याख्यान का आयोजन गणित विभाग के डॉ. नवीन कुमार एवं सुश्री दीक्षा गर्ग के संयोजन में किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट वक्ता के रूप में डॉ. के. एल. कौशिक (सेवानिवृत्त प्रोफेसर, अग्रवाल कॉलेज) उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को एक ज्ञानवर्धक एवं रोचक व्याख्यान प्रदान किया।
कार्यक्रम में विभाग के अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की गणित विषय में समझ को विकसित करना एवं उनकी रुचि को बढ़ाना था।
डॉ. कौशिक ने विद्यार्थियों को गणित में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए नियमित अभ्यास, संकल्पनात्मक स्पष्टता तथा तार्किक सोच को सफलता की कुंजी बताया। उनके प्रेरणादायक विचारों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ा तथा विषय के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हुआ।
यह सत्र अत्यंत सहभागितापूर्ण रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का समापन भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राज कुमारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। उन्होंने मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया तथा आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।
गणित विभाग द्वारा कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार का भी आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने इस व्याख्यान के आयोजन की अनुमति प्रदान की।






