फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय में एनएसएस की बॉयज़ एवं गर्ल्स यूनिट द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ बड़े उत्साह के साथ हुआ। इस शिविर के लिए कुल 100 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया।
शिविर का उद्घाटन हवन और वैदिक मंत्रोच्चार से किया गया। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए उन्हें राष्ट्र सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया। बॉयज़ यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेंद्र ढुल और गर्ल्स यूनिट की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री कविता शर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। बीसीए विभागाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी हुड्डा और श्री नीरज मलिक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
दिनभर में हरियाणवी नृत्य और गायन प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं। स्वयंसेवकों ने माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया और महाविद्यालय द्वारा अपनाए गए राहुल कॉलोनी में प्लास्टिक मुक्त भारत जागरूकता रैली में भाग लिया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
दिवस के अंत में स्वयंसेवकों का समूह विभाजन और संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिससे सहयोग और समन्वय की भावना विकसित हुई। पहले दिन की गतिविधियाँ सफलतापूर्वक संपन्न हुईं और आगामी दिनों के लिए उत्साह और सेवा भावना का संचार हुआ।
