फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / भाजपा ज़िला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि वीर बाल दिवस गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों—साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह की स्मृति को समर्पित है। उन्होंने कहा कि वीर साहिबजादों की शहादत पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक है। उनका बलिदान भारतीय संस्कृति में धर्म, स्वाभिमान और देश की रक्षा के सर्वोच्च आदर्श स्थापित करता है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि सत्य और धर्म की राह पर अडिग रहना ही सच्ची राष्ट्रसेवा है।
भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन ने बताया कि वीर बाल दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी फ़रीदाबाद द्वारा ज़िले की तीनों तिगाँव, बड़खल और फ़रीदाबाद विधानसभाओं में श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। तिगांव विधानसभा के दून भारती पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष पंकज रामपाल, दिखा पब्लिक स्कूल में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, भाजपा ओमप्रकाश रक्षवाल, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश सचिव गीता रक्षवाल, बडखल विधानसभा के श्रीराम स्कूल में जिला महापौर प्रवीण जोशी, फरीदाबाद विधानसभा में जिला महामंत्री, भाजपा शोभित अरोड़ा मुख्य वक्ता के तौर पर उपस्थित रहे | तिगांव के गाँव रायपुर कला में भी तिगांव मंडल अध्यक्ष कृष्ण पहलवान जी द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया | इन कार्यक्रमों में सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों—साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह के अद्वितीय साहस, धर्मनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को भावपूर्ण स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई और हजारों बच्चों को चार साहिबजादा फिल्म का प्रसारण दिखाया गया।
कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वीर साहिबजादों का त्याग केवल सिख इतिहास ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण भारतीय इतिहास में धर्म, सत्य और स्वाभिमान की रक्षा का अमर उदाहरण है। अल्पायु में भी उन्होंने मुगल शासन के अत्याचारों के सामने झुकने से इंकार किया और 1705 में सरहिंद में दीवार में ज़िंदा चुनवाए जाने जैसा अमानवीय दंड सहकर भी अपने सिद्धांतों से विचलित नहीं हुए। उनका यह अदम्य साहस और बलिदान राष्ट्र और समाज के लिए शाश्वत प्रेरणास्रोत है।
भाजपा नेताओं ने कार्यक्रमों में उपस्थित बच्चों, युवाओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए सत्य, साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने, चरित्र निर्माण करने और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित बच्चों व जनसमूह ने वीर बालकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि ‘वीर बाल दिवस’ देश के युवाओं में साहस, धर्मनिष्ठा, नैतिक मूल्यों और देशभक्ति की भावना को सशक्त रूप से जागृत करता है।
