फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / हरियाणा मानवाधिकार आयोग के पूर्व कार्यकारी चेयरमैन व सदस्य दीप भाटिया ने कहा कि आज के समय में जब निजी अस्पतालों में इलाज आम आदमी की पहुंच से बाहर होता जा रहा है, ऐसे में भाटिया सेवक समाज चैरिटेबल अस्पताल (बीएसएससीएच) जैसी संस्थाएं समाज के लिए एक मजबूत सहारा बनकर उभर रही हैं। यहां जरूरतमंद लोगों को बिना किसी भेदभाव के नेत्र जांच व उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।
दीप भाटिया ने शुक्रवार एनआईटी- दो स्थित भाटिया सेवक समाज चैरिटेबल अस्पताल का दौरा किया और वहां आंखों के इलाज के लिए आ रहे लोगों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। दीप भाटिया ने ओपीडी, जांच कक्ष, दवा वितरण काउंटर और प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया तथा मरीजों से सीधे संवाद कर उनका अनुभव भी जाना। भाटिया सेवक समाज चैरिटेबल अस्पताल पहुंचने पर संस्था के कार्यवाहक प्रधान सरदार मोहन सिंह भाटिया व सी. दास ग्रुप के चेयरमैन बीआर भाटिया ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान दीप भाटिया ने कहा कि भाटिया सेवक समाज चैरिटेबल अस्पताल जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने विशेष रूप से आंखों के इलाज से जुड़ी सेवाओं, अनुभवी चिकित्सकों, आधुनिक मशीनों और सहयोगी स्टाफ की उपलब्धता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के चैरिटेबल अस्पताल समाज में मानवाधिकारों की रक्षा और जनसेवा की भावना को मजबूत करते हैं। संस्था के कार्यवाहक प्रधान मोहन सिंह भाटिया ने उन्हें अस्पताल की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में आंखों के इलाज की सुविधाओं को और बेहतर किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
इस मौके पर सी. दास ग्रुप के चेयरमैन बीआर भाटिया ने कहा कि भाटिया सेवक समाज चैरिटेबल अस्पताल समाज के जरूरतमंद वर्ग को सुलभ व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है। संस्था का हर जरूरतमंद व्यक्ति तक मानवीय संवेदना के साथ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
