
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / विधानसभा में आज नगर निगम फरीदाबाद द्वारा शीतकालीन फूलों के पौधों का वितरण कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा पहुंचे। पार्क में पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।
नगर निगम द्वारा यह कार्यक्रम सेक्टर-22 स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित किया गया, जहां लगभग 5 लाख शीतकालीन फूलों के पौधे आमजन को वितरित किए गए। इन पौधों के खिलने से घरों के आंगन, पार्कों और सड़कों के डिवाइडरों पर रंग-बिरंगे फूल नजर आएंगे, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण और भी सुंदर एवं स्वस्थ रहेगा।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि पं. मूलचंद शर्मा ने उपस्थित लोगों से आवाहन किया कि वे अपने घरों के आस-पास अधिक से अधिक पेड़-पौधे अवश्य लगाएं, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ क्षेत्र और अधिक हरा-भरा बन सके। उन्होंने नगर निगम द्वारा तैयार किए गए पुष्प पौधों के इस कार्यक्रम के लिए नगर निगम के अधिकारियों को बधाई दी।
कार्यक्रम में निगम के पार्षद रवि भगत, ज्ञानेंद्र, संगीता भारद्वाज, कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार, एसडीओ विनोद सिंह, एसडीओ नबाव खान, जिला महामंत्री अनुराग गर्ग, कुलदीप मथारू सहित भाजपा पदाधिकारी और सेक्टर के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
बता दें कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों एवं निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा इन फूलों के पौधों को तैयार कर जनता के लिए उपलब्ध कराया गया है। निगम द्वारा पूरे फरीदाबाद में 17 करोड़ से ज्यादा पौधे तैयार कराए गए हैं। शहरवासियों में पौधें लेने और लगाने का पूरा उत्साह नजर आ रहा है।




