फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा फरीदाबाद में गीता जयंती के उपलक्ष्य में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल फरीदाबाद की कक्षा सातवीं की प्रतिभाशाली छात्रा राहदिखा शर्मा ने एक बार फिर अपने उत्कृष्ट व्यक्तित्व, प्रभावशाली वक्तव्य, कौशल और सामाजिक जागरूकता से सभी का मन मोह लिया। राहदिखा चाइल्ड राइट्स एम्बेसडर हैं जिन्हें देश के रक्षा मंत्री माननीय श्री राजनाथ सिंह जी द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इसके साथ ही उन्हें 15 अगस्त 2024 को जिला प्रशासन फरीदाबाद द्वारा यंगेस्ट सोशल वर्कर ऑफ फरीदाबाद के पुरस्कार से भी अलंकृत किया गया है।
सराय ख्वाजा विद्यालय में गीता जयंती के पावन अवसर पर राहदिखा को प्रसिद्ध काव्य “रश्मिरथी” (लेखक: राष्ट्रकवि श्री रामधारी सिंह ‘दिनकर’) का प्रेरणादायक अंश प्रस्तुत करने हेतु आमंत्रित किया गया। इस काव्य में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दुर्योधन को शांति का आग्रह और चेतावनी का मार्मिक वर्णन मिलता है। प्राचार्य मनचंदा ने बताया कि राहदिखा ने अपने ऊर्जामयी और जोशीले स्वर में जब यह कविता प्रस्तुत की, तो समूचा प्रांगण तालियों से गूंज उठा। लगभग पच्चीस सौ विद्यार्थियों ने मंत्रमुग्ध होकर उनकी प्रस्तुति का आनंद लिया।
अपने संबोधन में राहदिखा ने विद्यालय के प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उन्हें इस कार्यक्रम में आमंत्रित कर विद्यार्थियों के बीच अपनी बात रखने का अवसर दिया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से स्वच्छता आंदोलन से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि हम सब मिलकर फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त शहर बना सकते हैं। राहदिखा के आह्वान पर उपस्थित सभी विद्यार्थियों ने अपने स्कूल और घरों के आसपास सफाई बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य रविन्द्र मनचंदा एवं दीपांजलि, जितेंद्र गोगिया सहित सभी उपस्थित अध्यापकों ने राहदिखा के उत्साह, सामाजिक चेतना और ओजपूर्ण प्रतिभा की खुले शब्दों में प्रशंसा की। उन्होंने राहदिखा के माता पिता एवं शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि इतनी कम आयु में ऐसे मानवीय मूल्य और ऊर्जा का संचार अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने राहदिखा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
