फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य विभाग पलवल व फरीदाबाद को गुप्त सूचना मिल रही थी कि कुछ व्यक्ति लिंग जांच कराते हैं तथा गर्भवती महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे का अल्ट्रासाउंड कराकर लिंग जांच की पहचान बता देते हैं कि गर्भ में लड़का है या लड़की जबकि बच्चे के जन्म से पहले यह बताना कानूनन अपराध है तथा लिंग जांच के नाम पर मोटी रकम लेते हैं। इस सम्बंध में गुप्त सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग पलवल को सूचित किया गया तथा सिविल सर्जन पलवल द्वारा गिरोह को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया गया व लिंग जांच कराने के लिए नकली ग्राहक तैयार किए गए।
इस मामले में कार्यवाही करने के लिए स्वास्थ्य विभाग जिला पलवल से उप सिविल सर्जन डॉक्टर संजय शर्मा,एसएमओ एवं पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ प्रवीण कुमार, सीएचसी बडोली के मेडिकल ऑफिसर डॉ नवीन व लेडी मेडिकल ऑफिसर डॉ अन्तिका व स्थानीय पुलिस व महिला पुलिस कर्मी सहित टीम तैयार की। संयुक्त टीम द्वारा एक गर्भवती महिला व सूचना देने वाले व्यक्ति को नकली ग्राहक के तौर पर तैयार किया गया। नकली ग्राहक ने मनीष निवासी कच्ची कॉलोनी समयपुर फरीदाबाद से बात हुई। जिस पर मनीष ने लिंग जांच कराने के लिए 35 हजार रुपए की मांग की। दिनांक 02.08.2025 को करीब 1 बजे मनीष ने नकली ग्राहक को पलवल में जांच न कराने के बारे में बताकर आईएमटी चौक बल्लभगढ़ बुलाया। जिस पर स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम दिए हुए समय पर आईएमटी चौक के नजदीक पहुंची व स्वास्थ्य विभाग फरीदाबाद की टीम को सूचित किया गया।
जिस सम्बंध में सिविल सर्जन फरीदाबाद द्वारा पलवल टीम का सहयोग करने व जिला फरीदाबाद का क्षेत्र होने पर कार्यवाही करने के लिए पीएनडीटी नोडल अधिकारी फरीदाबाद डॉ विशाल, एसएमओ सेक्टर-55 डॉ राजेश, सीएचसी कोराली मेडिकल ऑफिसर डॉ रामनिवास सहित टीम तैयार की गई।उसके बाद दोनों स्वास्थ्य विभागों की टीमों द्वारा 35 हजार रुपये के नम्बरी नोटों की सूची तैयार की गई तथा नकली ग्राहक को पैसे देकर व गर्भवती महिला के साथ आईएमटी चौक पर मनीष के पास भेजा गया जहाँ मनीष आईएमटी चौक पर हाजिर पाया गया तथा अपने जानकार मोहित नाम के व्यक्ति को बुलाया व उसके साथ अल्ट्रासाउंड कराने के लिए जाने को कहा तथा नकली ग्राहक से पैसे की मांग की जिस पर नकली ग्राहक ने 500-500 रुपये के नम्बरी नोट 35 हजार रुपए मनीष को दिए व मनीष ने अपने साथी मोहित को दे दिए।
संयुक्त टीम द्वारा नकली ग्राहक का पीछा किया गया। मोहित गर्भवती महिला व नकली ग्राहक को लेकर संजीवनी अल्ट्रासाउंड सेंटर, मोहना रोड नजदीक आकाश सिनेमा के पास पहुँचा जहाँ पर मोहित ने गर्भवती महिला का अल्ट्रासाउंड कराने की पूरी प्रकिया के दस्तावेज तैयार कराए। इसी बीच मोहित द्वारा गर्भवती महिला को दिखाए बिना ही मानवता अस्पताल से अल्ट्रासाउंड कराने बारे रिपोर्ट कराकर फर्जी गर्भवती महिला की फर्जी आई डी के दस्तावेजों के आधार पर गर्भवती महिला का एमबीबीएस, डीएनबी डिग्री धारी रेडियोलॉजिस्ट डॉ निमेश गुप्ता संचालक संजीवनी अल्ट्रासाउंड सेंटर से अल्ट्रासाउंड कराया व अल्ट्रासाउंड होने के बाद रिपोर्ट का इंतजार करने के लिए गाड़ी में बैठने को कहा। मोहित बार बार फोन पर अपने किसी अन्य साथी से सम्पर्क कर रहा था। कुछ देर बाद मोहित आया व गर्भवती महिला को उसकी रिपोर्ट देकर उसके गर्भ में लड़का होने की सूचना दी।
इसी बीच संयुक्त टीम द्वारा मोहित को मौके पर ही काबू किया गया। जिसके कब्जे से 33 हजार रुपए के नम्बरी नोट बरामद किए गए व 500 रुपये अल्ट्रासाउंड सेंटर से बरामद किए गए जिन्हें अल्ट्रासाउंड कराकर लिंग जांच के लिए दिया गया था। मोहित से पूछताछ की गई जिसने बतलाया कि उसे राधेश्याम नामक व्यक्ति जो उनकी टीम में शामिल है ने बताया कि गर्भवती महिला के गर्भ में लड़का है। राधेश्याम को भी कुछ पैसे देने है। इसी बीच राधेश्याम अल्ट्रासाउंड सेंटर के नजदीक पैसे लेने के लिए आता दिखाई दिया जिसे काबू किया गया व इनके अन्य साथी मनीष को भी आईएमटी चौक से संयुक्त टीम ने काबू किया।
स्वास्थ्य विभाग पलवल व फरीदाबाद की टीम द्वारा अल्ट्रासाउंड मशीन को सील किया गया व डॉ निमेश गुप्ता के अल्ट्रासाउंड सेंटर से रिकॉर्ड का अवलोकन किया व अल्ट्रासाउंड करने सम्बंधित दस्तावेजों को कब्जे में लिया गया और उपरोक्त तीनो आरोपियों द्वारा 35 हजार रुपए लेकर गर्भ में पल रहे बच्चे की पहचान उजागर करने व अल्ट्रासाउंड कराने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने के सम्बंध में मेडिकल ऑफिसर डॉ विशाल की शिकायत पर थाना आदर्श नगर, बल्लभगढ़ के अभियोग अंकित कराया गया है। इसके अतिरिक्त इस मामले में अन्य संलिप्त लोगो के सम्बंध में गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है।
