
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / पलवल (हरियाणा) : — पलवल स्थित सी.ए. नीरज मित्तल क्लासेस में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता एवं सकारात्मक जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए “तनाव नियंत्रण एवं व्यवस्थापन” विषय पर एक विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में हिंदू जनजागृति समिति के राष्ट्रीय मार्गदर्शक सदगुरु डॉ चारुदत्त पिंगले जी द्वारा विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन के महत्वपूर्ण विषयों पर सरल एवं प्रभावी मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में 42 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा दिए गए मार्गदर्शन को गंभीरता से सुना।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि वर्तमान समय में बढ़ती प्रतिस्पर्धा, परीक्षा का दबाव, मोबाइल एवं सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग, भविष्य की चिंता तथा पारिवारिक एवं सामाजिक अपेक्षाएं तनाव के प्रमुख कारण बन रहे हैं। सदगुरु चारुदत्त पिंगलेजी ने समझाया कि यदि समय रहते तनाव को नियंत्रित नहीं किया जाए तो इसका प्रभाव विद्यार्थियों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, व्यवहार एवं आत्मविश्वास पर पड़ता है।
मार्गदर्शन सत्र में विस्तारपूर्वक बताया गया कि तनाव क्या होता है, यह किन कारणों से उत्पन्न होता है तथा इसके दुष्परिणाम किस प्रकार व्यक्ति के मानसिक और शारीरिक जीवन को प्रभावित करते हैं। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि तनाव की स्थिति में घबराने के बजाय सकारात्मक सोच अपनानी चाहिए तथा नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में योग, प्राणायाम एवं साधना के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ता ने कहा कि प्रतिदिन कुछ समय योगाभ्यास, श्वास संबंधी प्राणायाम तथा ध्यान-साधना करने से मन शांत रहता है, एकाग्रता बढ़ती है और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इस मार्गदर्शन को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा मिली।आयोजकों ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।





