
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, फरीदाबाद द्वारा ‘विश्व रेडक्रॉस दिवस’ के उपलक्ष्य में मानवता, सेवा और जन-जागरूकता को समर्पित कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित की गई। यह समस्त आयोजन उपायुक्त एवं अध्यक्ष आयुष सिन्हा के कुशल मार्गदर्शन तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी हरियाणा राज्य शाखा के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी एवं महासचिव सुनील कुमार के दिशा-निर्देशों के तहत संपन्न हुए। सचिव बिजेंद्र सोरोत के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों की सेवा और युवाओं को सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट करना रहा।
1. सेवा कार्य और श्रद्धांजलि:—
विश्व रेडक्रॉस दिवस का शुभारंभ उपायुक्त आयुष सिन्हा द्वारा रेडक्रॉस के संस्थापक सर हेनरी डयूनेन्ट के चित्र पर पुष्प अर्पित करके किया गया। इसके उपरांत गांधी कुष्ठ आश्रम वासियों को फल एवं बिस्कुट वितरित किए गए।
स्वास्थ्य और नशा मुक्ति जागरूकता:—-
समाज को नशे की बुराई से बचाने के लिए एक विशाल नशा मुक्ति रैली का आयोजन किया गया।प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण ले रहे युवाओं ने शहर में जागरूकता रैली निकाली, जिसे अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में प्राथमिक चिकित्सा की ट्रेनिंग लेने आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नारों के माध्यम से शहरवासियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर: रेड क्रॉस भवन में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सचिव बिजेंद्र सोरोत ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा: “रक्तदान दुनिया का सबसे बड़ा दान है क्योंकि इसका कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। एक यूनिट रक्त तीन जिंदगियां बचा सकता है। रेडक्रॉस का लक्ष्य है कि फरीदाबाद मे किसी को भी रक्त की कमी से ना जूझना पड़े। आज के युवा इस मुहिम से जुड़कर न केवल जीवन बचा रहे हैं, बल्कि एक स्वस्थ समाज की नींव भी रख रहे हैं।”
मरीजों की सेवा: रेडक्रॉस टीम ने अपने सेवा कार्यक्रम के विशेष चरण के तहत सेक्टर-14 स्थित नशामुक्ति केंद्र का दौरा किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने केंद्र में उपचाराधीन मरीजों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की प्रगति का जायजा लिया। टीम ने मरीजों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें साकारात्मक जीवन की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।उनको फल और मिठाई वितरित की।
मानवीय सेवा की इसी कड़ी में, रेडक्रॉस द्वारा तपेदिक के 20 मरीजों को विशेष पोषाहार किट भी वितरित की गई, ताकि उनके शीघ्र स्वस्थ होने में मदद मिल सके।
डीएवी सेंटेनरी कॉलेज, फरीदाबाद में शैक्षिक सेमिनार:—-
विश्व रेडक्रॉस दिवस के पावन अवसर पर डीएवी शताब्दी महाविद्यालय फरीदाबाद के प्रांगण में एक बौद्धिक संगोष्ठी (सेमिनार) का आयोजन किया गया। विशेषज्ञों ने वर्तमान पीढ़ी में नशे के बढ़ते रुझान को राष्ट्र की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा बताते हुए गहरी चिंता व्यक्त की।कॉलेज परिसर में आयोजित सेमिनार में नशे के बढ़ते प्रकोप पर चिंता व्यक्त की गई। बिजेंद्र सोरोत, सचिव, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी ने अपने सम्बोधन में कहा कि “युवा शक्ति ही देश का भविष्य है। यदि युवा रेडक्रॉस के सेवाभावी सिद्धांतों—मानवता और निस्वार्थ सेवा—को अपने जीवन का आधार बना लें, तो वे न केवल स्वयं को बुराइयों से बचा पाएंगे, बल्कि समाज के लिए भी एक आदर्श प्रस्तुत करेंगे।”
पुरुषोत्तम सैनी, उपाधीक्षक, रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति को न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से पंगु बनाता है, बल्कि उसे अपराध और कानूनी शिकंजे की ओर भी धकेलता है। सामाजिक विनाश को रोकने के लिए नशे की चेन को तोड़ना अनिवार्य है।
विमल खंडेलवाल संरक्षक, रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद ने बताया कि “नशा एक ऐसा मीठा जहर है जो हंसते-खेलते परिवारों की जड़ों को खोखला कर देता है। जागरूकता ही इसका उपचार है और बचाव ही एकमात्र सुरक्षा कवच है। युवाओं को ‘नो टू ड्रग्स’ (No to Drugs) के संकल्प को अपनाना होगा।”
डॉ. एम.पी. सिंह, आजीवन सदस्य, रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद ने छात्रों को रेडक्रॉस के गौरवशाली इतिहास और स्वास्थ्य रक्षा के वैश्विक मिशन से रूबरू कराया। उन्होंने समझाया कि कैसे स्वास्थ्य के प्रति सजग रहकर और प्रथम चिकित्सा जैसे कौशल सीखकर युवा समाज में क्रांतिकारी बदलाव ला सकते हैं।
कॉलेज प्रधानाचार्या ने जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के इस सार्थक प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा, “शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण है। ऐसे आयोजनों से छात्रों के भीतर ‘परहित’ (दूसरों की भलाई) की भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का भाव जागृत होता है।”
6 सम्मान समारोह: सामाजिक संस्थाओं की सराहना :—-
कार्यक्रम के समापन अवसर पर रेड क्रॉस भवन में जिले की प्रमुख सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के लिए एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अंकित कुमार नगराधीश फरीदाबाद ने शिरकत की उन्होंने अपने सम्बोधन में बताया कि “फरीदाबाद की सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं जिला प्रशासन की रीढ़ हैं। आपदा हो या सामान्य समय, इन संस्थाओं का सहयोग वंदनीय है। रेडक्रॉस के माध्यम से हम समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने का संकल्प दोहराते हैं।”
मुख्य अतिथि द्वारा बताया कि “स्वयंसेवा का जज्बा ही किसी भी राष्ट्र को महान बनाता है। आज फरीदाबाद की जो संस्थाएं सम्मानित हुई हैं, वे समाज के लिए उस प्रकाश स्तंभ की तरह हैं जो अंधकार में रास्ता दिखाते हैं। रेड क्रॉस के साथ जुड़कर काम करना गौरव की बात है।”
इस अवसर पर विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्वयंसेवक और शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। सचिव बिजेंद्र सोरोत ने सभी अतिथियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया और रेडक्रॉस दिवस कि सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दी।
इस भव्य आयोजन और विभिन्न कार्यक्रमों को धरातल पर सफल बनाने में जिला रेड क्रॉस सोसाइटी की टीम का विशेष योगदान रहा। सचिव बिजेंद्र सोरोत के कुशल मार्गदर्शन में टीम के प्रत्येक सदस्य ने अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वाह किया।
आयोजन की सफलता में मुख्य रूप से सुशील कुमार, धर्मेंद्र, डॉ. राकेश कुमार, रोहताश, कमलेश, रुचिका, जगन्नाथ, अमनदीप, केशव, अशोक, युवराज, रामबरन, रामकिशोर एवं पवन ने दिन-रात लगन के साथ अपना पूर्ण सहयोग दिया। इन सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों और सेवा भावना के कारण ही नशामुक्ति रैली, रक्तदान शिविर और सम्मान समारोह जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।




