
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / अंतर्राष्ट्रीय थैलेसीमिया दिवस की पूर्व संध्या पर सेक्टर-15 कम्युनिटी सेंटर, फरीदाबाद में एक शानदार रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। थैलेसीमिया एक गंभीर आनुवंशिक रक्त रोग है, जिसमें बच्चों को जीवनभर नियमित रक्त चढ़ाने की आवश्यकता पड़ती है। समय पर उपचार, जागरूकता और सामाजिक सहयोग ही इन बच्चों के जीवन को सुरक्षित और बेहतर बना सकता है। इसी उद्देश्य के साथ यह विशेष कार्यक्रम आर डब्ल्यू ए R.W.A. सेक्टर-15, फरीदाबाद के प्रधान नीरज चावला की देखरेख में आयोजित हुआ। कार्यक्रम स्थल पर लाल रंग के कारपेट बिछाकर थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों के जीवन की रक्तरेखा और उनके संघर्ष को सम्मानपूर्वक दर्शाया गया।
थैलेसीमिया दिवस की पूर्व संध्या पर फरीदाबाद के अनेक प्रमुख भवनों और संस्थानों को लाल रोशनी से जगमगाया गया, जिनमें मास्टर प्रॉपर्टी, आईएलएस हॉस्पिटल सेक्टर 11 फरीदाबाद, कम्युनिटी सेंटर सेक्टर-15 फरीदाबाद, सर्वोदिया हॉस्पिटल सेक्टर – 8 फरीदाबाद तथा सिक्योरिको इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड प्रमुख रहे। लाल रंग के माध्यम से यह सशक्त संदेश दिया गया कि रक्त ही थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों की जीवनरेखा है और समाज को उनके समर्थन में आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर हरियाणवी एवं पंजाबी प्रसिद्ध गायक एम सोनी अपनी पूरी टीम के साथ विशेष रूप से सिरसा हरियाणा से पहुंचे। उन्होंने बच्चों के साथ गीत-संगीत, डांस और मस्ती कर उनके चेहरों पर खुशियां बिखेर दीं। बच्चों और उपस्थित जनसमूह ने इस प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया।
इस विशेष अवसर पर इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 301 की टीम, सरदार मनमोहन सिंह, ओ. पी. गुलाटी, तुलसी दास मेहंदीरेत्ता, वसीम, राकेश भाटिया, संजय अरोड़ा, भारत डुडेजा, आनंद प्रकाश, अनीता जैन, संत सिंह हूडा, सुभाष गहलौत तथा रोटरी क्लब ऑफ फरीदाबाद I.M.T. की टीम ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 301 द्वारा 3 लैपटॉप, R.W.A. सेक्टर-15 फरीदाबाद, रोटेरियन सतीश गोसाईं, ए.के. पंडित (प्रधान, फरीदाबाद कालीबाड़ी) तथा विष्णु सुरेखा (मौर्या उद्योग) द्वारा बच्चों को विशेष उपहार भेंट किए गए। उपहार पाकर बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी।
समाजसेवी तुलसी दास मेहंदीरेत्ता ने भी बच्चों के लिए 2 अतिरिक्त लैपटॉप देने की घोषणा की, जिससे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनके समर्पण का परिचय मिला।
संस्था के प्रधान बी. दास बतरा, रविंद्र डुडेजा एवं जे.के. भाटिया ने कहा कि थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और समाज के सहयोग से ही आने वाली पीढ़ियों को इस गंभीर बीमारी से बचाया जा सकता है। उन्होंने सभी अतिथियों, समाजसेवियों एवं सहयोगियों का दिल से धन्यवाद किया।
कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब ऑफ फरीदाबाद I.M.T. द्वारा बच्चों एवं उपस्थित सभी अतिथियों के लिए स्वादिष्ट रात्रिभोज की विशेष व्यवस्था की गई, जिसका सभी ने आनंदपूर्वक लाभ उठाया।
यह आयोजन न केवल थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों के लिए खुशियों का संदेश बना, बल्कि समाज को सेवा, सहयोग, जागरूकता और संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत कर गया।



