
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सामाजिक एवं धार्मिक सेवा के तहत श्री शक्ति सेवा दल (रजि.) द्वारा रविवार को 224 अज्ञात अस्थियों का विधि-विधान से गंगा जी में विसर्जन कराया गया। इस अवसर पर समाजसेवी भारत अशोक अरोड़ा ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे “सबसे बड़ा पुण्य” बताया और कहा कि ऐसे कार्य समाज में मानवता की सच्ची मिसाल पेश करते हैं।
यह कार्यक्रम 30 अप्रैल 2026 तक चलाए गए अभियान का हिस्सा रहा। संस्था के प्रधान मोहनलाल अरोड़ा के नेतृत्व में आयोजित इस पहल के बारे में उन्होंने बताया कि वर्ष 1984 से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक कुल 8884 अज्ञात अस्थियों का सम्मानपूर्वक गंगा जी में विसर्जन किया जा चुका है। यह सेवा उन लोगों के लिए समर्पित है, जिनके निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार की उचित व्यवस्था नहीं हो पाती।
मोहनलाल अरोड़ा ने कहा कि हर व्यक्ति को सम्मानजनक विदाई मिलना उसका अधिकार है और संस्था का प्रयास है कि कोई भी अज्ञात व्यक्ति बिना संस्कार के न रहे।
इस अवसर पर परसोट मत्ता, राजेंद्र भाटिया, विजय कालरा, राजेश भाटिया और इंद्र चावला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने संस्था के इस कार्य को मानवता की सच्ची सेवा बताते हुए इसकी सराहना की।




