
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद के विज्ञान विभाग द्वारा भारतीय मानक ब्यूरो के सहयोग से सेक्टर 68, फरीदाबाद स्थित ग्लेन एप्लायंसेज़ प्राइवेट लिमिटेड में एक औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण में 25 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनके साथ डॉ. पंकज शर्मा शिक्षक-प्रभारी के रूप में उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को निर्माण इकाइयों का अवलोकन कराया गया, जहां उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, असेंबली लाइन तथा गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली को निकट से समझा। कंपनी के अधिकारियों ने भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा निर्धारित मानकों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार इन मानकों के माध्यम से उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है। विद्यार्थियों ने इस दौरान अपने प्रश्न भी पूछे और औद्योगिक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
यह औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ और इससे उन्हें सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप में समझने का अवसर मिला। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास में सहायक होते हैं तथा उन्हें उद्योग जगत से जोड़ते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों को निरंतर आयोजित करने पर बल दिया।





