
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन फरीदाबाद (MAF) के प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त डिप्टी लेबर कमिश्नर (DLC) श्री अजय पाल डूडी से शिष्टाचार भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा पदभार ग्रहण करने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा की।
इस अवसर पर महासचिव श्री रमणीक प्रभाकर ने कहा कि MAF सदैव उद्योगों और श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करता रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्री डूडी के मार्गदर्शन में श्रम विभाग उद्योगों की समस्याओं के त्वरित एवं व्यावहारिक समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगा।
संघ के प्रधान श्री सुखदेव सिंह ने कहा कि फरीदाबाद का औद्योगिक क्षेत्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रम विभाग और उद्योग संगठनों के बीच मजबूत तालमेल से औद्योगिक विकास को और गति मिलेगी।
कोषाध्यक्ष श्री ऋषि त्यागी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि MAF, उद्योगों के हितों की रक्षा के साथ-साथ श्रमिकों के कल्याण हेतु भी सदैव तत्पर रहता है तथा विभाग के साथ पूर्ण सहयोग बनाए रखेगा।
बैठक के दौरान नए लेबर कोड एवं हरियाणा में लागू न्यूनतम वेतन (Minimum Wages) से संबंधित विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने उद्योगों पर पड़ने वाले प्रभाव एवं व्यावहारिक चुनौतियों को साझा किया तथा इन पर स्पष्ट दिशा-निर्देश और सरलीकरण की आवश्यकता पर बल दिया।
अपने संबोधन में श्री अजय पाल डूडी ने MAF के प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उद्योगों एवं श्रमिकों के बीच संतुलन बनाए रखने तथा पारदर्शी एवं उत्तरदायी कार्यप्रणाली के माध्यम से सभी संबंधित पक्षों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग उद्योगों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने सकारात्मक भाव व्यक्त करते हुए कहा कि “फरीदाबाद के अब अच्छे दिन आ गए हैं” और सभी के सहयोग से औद्योगिक माहौल को और बेहतर बनाया जाएगा।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में श्री जगदीश शर्मा, श्री सी. एल. जैन, श्री प्रमोद प्रभाकर, श्री सुनील सचदेवा एवं श्री निशांत त्यागी सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने नवनियुक्त अधिकारी के साथ सकारात्मक एवं सहयोगात्मक कार्य संबंध स्थापित करने का विश्वास व्यक्त किया।






