
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में डीपीएस ग्रेटर फरीदाबाद के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस वर्ष भी स्कूल के छात्रों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं।
विद्यालय के छात्र नितेश बहल ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल स्कूल बल्कि पूरे शहर का गौरव बढ़ाया है। वहीं, श्रीजल मोहराणा ने 497 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि नित्या ने 496 अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन सभी छात्रों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
स्कूल प्रबंधन ने भी इस शानदार उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है। डीपीएस ग्रेटर फरीदाबाद के प्रो वाइस चेयरमैन रोहित जैनेंद्र जैन ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और यह सफलता उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. बिंदु शर्मा ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रों की इस उपलब्धि में शिक्षकों और अभिभावकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिन्होंने हर कदम पर उनका सहयोग और मार्गदर्शन किया।
विद्यालय परिसर में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है। अन्य विद्यार्थियों के लिए भी यह परिणाम प्रेरणा का स्रोत बना है। डीपीएस ग्रेटर फरीदाबाद एक बार फिर उत्कृष्ट शिक्षा और परिणामों के मामले में अग्रणी संस्थानों में अपनी पहचान मजबूत करने में सफल रहा है।




