
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद अपने बहुप्रतीक्षित वार्षिक टेक्नो-कल्चरल फेस्टिवल एलिमेंट्स कलमायका- 2026 की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह फेस्टिवल 9 एवं 10 अप्रैल 2026 को आयोजित होगा।
दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम की सबसे बड़ी आकर्षण स्टार नाइट होगी। 9 अप्रैल (पहले दिन) को ‘डोप-शोप’ सिंगर दीप मनी स्टार परफॉर्मर होंगे। पहले दिन के अन्य प्रमुख आकर्षण में लोकप्रिय रैपर-सिंगर रागा, डीजे सन जे और अभिनेत्री आशना अरोड़ा की प्रस्तुतियां शामिल होंगी। 10 अप्रैल (दूसरा दिन) को डीजे सूटअप परफॉर्मेंस देंगे।
पांच साल बाद पुनः शुरू होने वाले इस फेस्टिवल में रचनात्मकता, नवाचार और युवा ऊर्जा का भव्य मेल होगा। विश्वविद्यालय ने फेस्टिवल का पूरा कार्यक्रम शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसमें विश्वविद्यालय के सभी 25 छात्र क्लबों की भागीदारी के साथ 55 से अधिक कार्यक्रम शामिल हैं।
इस वर्ष के फेस्टिवल की थीम “नवाभिव्यक्ति” – जहाँ परंपरा नवाचार के माध्यम से नई आवाज पाती है – फेस्टिवल की भावना को पूरी तरह प्रतिबिंबित करती है। यह टेक्निकल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, साहित्यिक गतिविधियों, नृत्य, संगीत और कलात्मक अभिव्यक्तियों के लिए एक जीवंत मंच होगा, जो क्षेत्र भर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्रों को आकर्षित करेगा।
उत्सव के दौरान छात्र न केवल अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का प्रदर्शन करेंगे, बल्कि अपनी रचनात्मकता के माध्यम से अपनी प्रतिभा भी दिखाएंगे। सृजन क्लब द्वारा विश्वविद्यालय परिसर को खूबसूरत ग्राफिटी और विभिन्न प्रकार की कलात्मक इंस्टॉलेशन्स से सजाया जा रहा है। साथ ही, छात्रों द्वारा विकसित तकनीकी प्रोजेक्ट्स भी इन दो दिनों के दौरान प्रदर्शित किए जाएंगे।
कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने फेस्टिवल के सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनायें दी है, तथा छात्रों को उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित किया है। डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. प्रदीप डिमरी तथा पूरी डीएसडब्ल्यू टीम ने स्वयं तैयारियों की निगरानी की है ताकि सभी प्रतिभागियों को एक निर्बाध और यादगार अनुभव मिल सके।
स्टेज सेटअप, तकनीकी व्यवस्थाएं, साउंड सिस्टम, प्रतिभागी पंजीकरण और परिसर सजावट अब पूरी तरह पूर्ण हो चुकी है। विश्वविद्यालय इस प्रतिभा, रचनात्मकता और “नवाभिव्यक्ति” के भव्य उत्सव की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।







