फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय (डीआईपीआरओ), फरीदाबाद में ड्राइवर के पद पर कार्यरत श्री चंद्र प्रकाश का 03, मार्च- 2026 को हृदय गति रुकने के कारण आकस्मिक निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से विभाग सहित उनके गांव में शोक की लहर है।
स्वर्गीय चंद्र प्रकाश मूल रूप से गांव मंधावली के निवासी थे और अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा तथा मिलनसार व्यवहार के कारण सभी के बीच लोकप्रिय थे। उनके निधन से विभाग को एक कर्मठ एवं जिम्मेदार कर्मचारी की अपूरणीय क्षति हुई है।
मानवता के प्रति उनकी संवेदनशील सोच का उदाहरण उनके परिवार द्वारा लिया गया वह सराहनीय निर्णय है, जिसके तहत उनके निधन के बाद उनके नेत्र दान किए गए। इस प्रेरणादायक कदम से जरूरतमंद व्यक्तियों को नई रोशनी मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
गौरतलब है कि परिवार पहले ही गहरे दुख से गुजर रहा था, क्योंकि चंद्र प्रकाश की माता राजबाला का निधन 29 दिसंबर को हो गया था।
चंद्र प्रकाश अपने पीछे पिता नानक चंद, पत्नी लता, तथा दो बेटियां छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी डिंपल आठवीं कक्षा में तथा छोटी बेटी छठी कक्षा में पढ़ रही है।
