फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नगर निगम फरीदाबाद के स्वच्छता शाखा के अधिकारियों ने 25 से 27 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित 18वें म्युनिसिपालिका प्रदर्शनी एवं सम्मेलन में भाग लिया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने निगम अधिकारियों एवं पार्षदगण और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के साथ सम्मेलन में सहभागिता की।
सम्मेलन का मुख्य विषय “सुरक्षित, स्मार्ट एवं सतत शहर समाधान” रहा, जिसमें शहरी विकास और स्वच्छता प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी के साथ निगम के जॉइंट कमिश्नर असवीर सिंह (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) सहित अन्य अधिकारियों ने सम्मेलन के उपरांत आयोजित प्रदर्शनी का भी भ्रमण किया।
26 फरवरी 2026 को आयोजित विभिन्न तकनीकी सत्रों में प्रतिनिधिमंडल ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इन सत्रों में सर्कुलर इकोनॉमी, कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट, सैनिटेशन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट एवं रिसोर्स रिकवरी जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक तकनीकों, नवाचारों एवं शहरी स्वच्छता प्रबंधन के प्रभावी मॉडलों पर विस्तार से जानकारी साझा की गई।
नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य इन प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से नवीनतम तकनीकी ज्ञान एवं श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को अपनाकर फरीदाबाद की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाना है। अधिकारियों द्वारा प्राप्त अनुभवों एवं सुझावों को शहर में लागू कर स्वच्छता सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।
नगर निगम फरीदाबाद स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुव्यवस्थित शहर के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में उठाए जा रहे प्रयास निश्चित रूप से शहरवासियों के लिए लाभकारी सिद्ध होंगे।
