फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / स्वच्छता पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सहभागिता को समर्पित “क्लीन एंड ग्रीन फरीदाबाद” पहल सेक्टर 21-A में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। RWA 21-A ईस्ट और रोटरी क्लब के सहयोग से आयोजित इस पहल को मदरसन ग्रुप के सीएसआर सहयोग से समर्थन प्राप्त हुआ तथा इसका क्रियान्वयन इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन IPCA द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सर्वोदय हेल्थकेयर के सीएसआर भाग सर्वोदय फाउंडेशन सहित विभिन्न रोटरी क्लबों का सक्रिय सहयोग मिला।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए मंत्री जी ने कहा कि वेस्ट टू बेस्ट केवल एक प्रक्रिया नहीं बल्कि सोच में आवश्यक परिवर्तन है। उन्होंने कहा कि कचरा समस्या नहीं बल्कि संसाधन है और आवश्यकता केवल सही दृष्टिकोण तथा वैज्ञानिक प्रबंधन की है। पुनर्चक्रण और नवाचार के माध्यम से वही अपशिष्ट ऊर्जा उपयोगिता और रोजगार का आधार बन सकता है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने नागरिकों से आग्रह किया कि कचरे का सही प्रबंधन घर से प्रारंभ होता है। गीले कचरे सूखे कचरे और हानिकारक अपशिष्ट का पृथक्करण स्वच्छता व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि कचरा पृथक्करण को नियम नहीं बल्कि जीवनशैली बनाना समय की आवश्यकता है। जब समाज जागरूक होता है तभी शहर व्यवस्थित और विकसित बनते हैं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हुए व्यापक परिवर्तन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन और मिशन लाइफ ने देश में जिम्मेदार नागरिकता की नई चेतना का निर्माण किया है। साथ ही हरियाणा में माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सतत शहरी विकास की दिशा में चल रही पहलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने वेस्ट टू वेल्थ और हरित ऊर्जा जैसी अवधारणाओं को पर्यावरणीय संतुलन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के अंतर्गत मियावाकी पद्धति से विकसित वन क्षेत्र का अवलोकन कराया गया। इस अवसर पर 100 साइकिलों का वितरण जरूरतमंद बालिकाओं को किया गया जिससे शिक्षा और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने का प्रेरक संदेश मिला।
इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन द्वारा एरोबिन कम्पोस्टर का प्रदर्शन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। इस तकनीक के माध्यम से घरेलू गीले कचरे और हरे अपशिष्ट को प्राकृतिक रूप से पोषक खाद में परिवर्तित करने की प्रक्रिया प्रस्तुत की गई। इस पहल ने कचरे से संसाधन की अवधारणा को व्यवहारिक रूप से स्थापित किया।
कार्यक्रम में स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया जिसने नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने आयोजन से जुड़े सभी संस्थानों और नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि जब स्थानीय निवासी प्रशासन सामाजिक संस्थाएं और कॉर्पोरेट जगत एक साथ कार्य करते हैं तब सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन संभव होता है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सर्वोदय हेल्थकेयर के चेयरमैन डॉ राकेश गुप्ता, सर्वोदय फाउंडेशन की प्रबंध निदेशक श्रीमती अंशु गुप्ता, नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त, इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन से आशीष जैन, RWA 21-A ईस्ट के अध्यक्ष अजय मलिक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
