फरीदाबाद , जात्रा टुडे / साई धाम द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 25 जोड़ों को परिणय-सूत्र में बांधा गया। इन सभी विवाहों में वीरेन्द्र गुप्ता एवं मधुश्री गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. मोतीलाल गुप्ता, अतुल गुप्ता, राजेश रेलान, डॉ. अश्विनी अग्रवाल, प्रधानाचार्या डॉ. बीनू शर्मा तथा शिरडी साई बाबा टेम्पल सोसायटी के एडवाइजरी बोर्ड के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात शिरडी साई बाबा स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि एवं संस्था के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. मोतीलाल गुप्ता ने अपने संदेश में नवविवाहित दम्पतियों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि समाज से दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों के उन्मूलन हेतु सामूहिक विवाहों को प्रोत्साहन देना अत्यंत आवश्यक है। संस्था की ओर से विवाह बंधन में बंधे 25 जोड़ों को गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक सामग्री, जैसे सिलाई मशीन, गैस चूल्हा, बर्तन, वस्त्र, बिस्तर तथा फोल्डिंग बेड आदि भेंट किए गए। सभी वर-वधुओं के परिजनों ने साई धाम के इस सराहनीय आयोजन की हृदय से प्रशंसा की।
डॉ. अश्विनी अग्रवाल, राजेश रेलान एवं अतुल गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त करते हुए साई धाम तथा डॉ. मोतीलाल गुप्ता द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. गुप्ता का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके द्वारा संपादित कार्यों से न केवल फरीदाबाद, अपितु समूचा राष्ट्र लाभान्वित हो रहा है।
कार्यक्रम का संचालन आज़ाद शिवम दीक्षित ने अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से किया। प्रधानाचार्या डॉ. बीनू शर्मा एवं संदीप सिंघल ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नवविवाहित दम्पतियों को मंगलमय जीवन की शुभकामनाएँ प्रदान कीं। समारोह में नीरा गोयल, ईशा गुप्ता, मनोहर पुनयानी, रोहित रूंगटा, यू.एस. अग्रवाल, नरेन्द्र जैन, सुनील खंडूजा, महेश अग्रवाल, सुधीर रेलान, साधना रेलान, शशि अरोड़ा, ओ.पी. गर्ग, के.ए. पिल्लै, विकास मल्होत्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
