फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जे.सी.बोस विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा सोशल वर्क के विद्यार्थियों के लिए “कक्षा से कार्यस्थल तक: एचआर प्रोफेशनल के रूप में पहचान निर्माण” विषय पर एक इंटरैक्टिव कार्यशाला संपन्न हुई। जिसका आयोजन मीडिया स्टूडियो में किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सुश्री अंबर अफाक, मैनेजर-एचआर, उद्योगिनी, नई दिल्ली रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को कक्षा से पेशेवर जीवन में प्रवेश करने, कार्यस्थल की चुनौतियों का सामना करने तथा एक सफल एचआर प्रोफेशनल के रूप में अपनी पहचान बनाने के लिए आवश्यक कौशलों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। सत्र अत्यंत संवादात्मक रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और अपने विचार साझा किए।
मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो. पवन सिंह ने मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के सत्र विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित भी किया।
सुश्री अम्बर अफाक ने एचआर क्षेत्र में आवश्यक संचार कौशल, पेशेवर नैतिकता, आत्मविश्वास तथा कार्यस्थल में अनुकूलन क्षमता के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके प्रेरणादायक और सहभागितापूर्ण सत्र ने विद्यार्थियों को व्यावसायिक जीवन के प्रति जागरूक और उत्साहित किया। कार्यशाला सभी सोशल वर्क के विद्यार्थियों के लिए एक ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अनुभव रहा। कार्यशाला में सहायक प्रोफेसर डॉ. अखिलेश त्रिपाठी और डॉ. के.एम ताबिश का सराहनीय योगदान रहा।
