फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / पृथला विधानसभा में हरियाणा युवा कांग्रेस की फरीदाबाद ग्रामीण जिला कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने की। इस अवसर पर संगठन की मजबूती, स्थानीय जनसमस्याओं तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि युवा कांग्रेस प्रदेश में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे युवाओं, किसानों, मजदूरों और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं और जनता की आवाज़ बनकर सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध करें। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा-स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, जिन पर युवा कांग्रेस को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। बैठक में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रखा। इनमें युवाओं को रोजगार, छात्रों की शिक्षा संबंधी दिक्कतें, ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों की धीमी गति और आमजन को मिल रही बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। इन सभी विषयों पर गहन मंथन किया गया और उनके समाधान के लिए रणनीति तैयार करने पर सहमति बनी।
आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी बैठक में रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि जिलेभर में जनसंपर्क अभियान चलाकर आम जनता को सरकार की नीतियों से अवगत कराया जाएगा और उनकी समस्याओं को मंच पर उठाया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं को संगठन से जोडऩे के लिए सदस्यता अभियान और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को भी तेज किया जाएगा। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन संगठन की एकता और मजबूती के संदेश के साथ हुआ, जिससे कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह देखने को मिला।
बैठक में मुख्य तौर पर प्रदेश प्रवक्ता तरुण तेवतियाख् एडवोकेट हरीश तंवर, जिला अध्यक्ष फरीदाबाद ग्रामीण कुलदीप डागर, विधानसभा अध्यक्ष पृथला सतीश भूर्जा, दिनेश पोसवाल प्रदेश उपाध्यक्ष सहित अनेकों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
