फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पानीपत तथा हरियाणा स्टेट काउंसिल फॉर साइंस, इनोवेशन एवं टेक्नोलॉजी, हरियाणा सरकार (HSCSIT) के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय विज्ञान निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि HSCSIT के सौजन्य से छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए हर वर्ष विभिन्न प्रतियोगिताओ का आयोजन किया जाता है। आयोजन में हरियाणा के 22 जिलों के महाविद्यालयों से आए हुए 161 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा तथा विचारों को निबंध रूप दिया। निबंध के विषय वर्तमान जीवन के उपयोगी पहलुओं जैसे कि उच्च शिक्षा में बौद्धिक संपदा अधिकार; गृह, लोग और नीति, केवल लाभ नहीं; राष्ट्रीय सुरक्षा में आत्मनिर्भर नवाचार का उदय; राष्ट्र के विकास में डिजिटल प्रौद्योगिकी की भूमिका; क्लाउड स्टोरेज का इतिहास, लाभ और कमियाँ रहे।
प्राचार्या डॉ रुचिरा खुल्लर के संरक्षण तथा दिशा निर्देशन में फरीदाबाद जिले में जिला स्तरीय विज्ञान निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।डीन साइंसज डॉ शालिनी मल्होत्रा ने बताया कि जिला स्तर पर शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में अपने महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हैं। राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद से यशिका – बीएससी III बायोटेक, मोहित तिवारी – बीएससी I फिजिकल साइंसेज, मंशा – बीएससी I लाइफ साइंसेज ने शीर्ष 10 में स्थान प्राप्त किया था।
डॉ अंकिता, सहायक प्राध्यापिका, रसायन विभाग के अनुरक्षण एवं मार्गदर्शन में इन विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय विज्ञान निबंध लेखन प्रतियोगिता की तैयारी की और इसमें हिस्सा लिया। अब विभिन्न मापदंडों पर जैसे की विषय की प्रासंगिकता, सृजनात्मकता, तथ्यों की सटीकता, विचारों की स्पष्टता एवं नवीनता, वाक्य संरचना, वर्तनी की शुद्धता, सामाजिक व नैतिक प्रभाव तथा निबंध की प्रभावशाली प्रस्तुति के आधार पर निर्णय लेते हुए राज्य स्तर पर हुई इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में 13 प्रतिभागियों का चुनाव किया जाएगा एवं नकद धनराशि से सम्मानित किया जाएगा।
प्राचार्या डॉ रुचिरा खुल्लर ने बताया कि महाविद्यालय से छात्र छात्राएं न केवल सांस्कृतिक अपितु अनेक प्रकार के लिटरेसी इवेंट्स जैसे की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता और प्रदर्शनी प्रतियोगिता में भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते हैं। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ कमल कुमार ने प्रतिभागिता की देख रेख की एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। श्री अंकित कौशिक, विभागाध्यक्ष, रसायन विभाग ने बेहतर परिणाम के लिए प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी।
