फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / अब तक हाफ मैराथन जैसे बड़े खेल आयोजनों को महानगरों तक सीमित माना जाता रहा है, लेकिन अब यह धारणा बदलने जा रही है। पहली बार 21 किलोमीटर लंबी हाफ मैराथन का आयोजन ग्रामीण क्षेत्र में किया जा रहा है। यह अनूठा आयोजन ग्राम गढ़खेड़ा एवं सशक्त युवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 26 अप्रैल को आयोजित होगा।
शनिवार सायं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने “विकसित भारत ग्रामीण खेल महोत्सव” की ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया का शुभारंभ करते हुए इसकी आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए ऐसे आयोजनों की अत्यंत आवश्यकता है। यह खेल महोत्सव युवाओं को स्वास्थ्य, अनुशासन और आत्मविश्वास की ओर प्रेरित करेगा तथा ग्रामीण भारत को खेलों के क्षेत्र में सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
खेल महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 से 26 अप्रैल तीन दिवसीय खेल महोत्सव के अंतर्गत एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, योगासन, ताइक्वांडो, शूटिंग, तीरंदाजी, बैडमिंटन तथा मल्लखंभ जैसे पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ये सभी आयोजन ग्राम गढ़खेड़ा के साथ-साथ अटाली, छैंसा, मोहन, हिरापुर, नरियाला, पन्हेड़ा खुर्द एवं दयालपुर गांवों में संपन्न होंगे। खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि खेल महोत्सव में 2,500 से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। जल्द ही खेल महोत्सव का कैलेंडर जारी किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में फज्जूपुर खादर के सरपंच योगेश भाटी, ग्राम गढ़खेड़ा के सरपंच प्रतिनिधि विवेक सैनी, चौधरी शिशराम, मास्टर इंदरराज वशिष्ठ, हिरापुर के सरपंच प्रतिनिधि कमल कौशिक, कोच योगेंद्र बिशाला, मास्टर प्रेमचंद, नेत्रपाल, मोहन शास्त्री, भाजपा नेता विमल खंडेलवाल, मंडल बाल कल्याण अधिकारी कमलेश शास्त्री, कोच विकास, विनोद वशिष्ठ, कपिल शर्मा (मोहना) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
