फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद द्वारा देश का 77वां गणतंत्र दिवस समारोह विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने विश्वविद्यालय परिसर में तिरंगा फहराया और समारोह को संबोधित किया।
कुलपति ने सुरक्षा कर्मियों, एनसीसी कैडेट्स तथा एनएसएस वालंटियर्स द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी भी ली। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसे सभी के द्वारा खूब सराहा गया। समारोह में विभिन्न क्लबों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक गीत-संगीत, नृत्य तथा योग की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में भागीदारी के लिए विश्वविद्यालय द्वारा गवर्नमेंट स्कूल, राजपुर कलां और सहरावक से स्कूली छात्रों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने शानदार प्रस्तुतियां दी।
अपने संबोधन में कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने गणतंत्र दिवस पर सभी को शुभकामनाएं दी। गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को महान स्वतंत्रता सेनानियों महात्मा गांधी, सरदार पटेल और डॉ अम्बेडकर जैसे महापुरूषों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए तथा देश की एकता और अखण्डता को कायम रखने का संकल्प लेेना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि युवा वर्ग राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उन्होंने वंदे मातरम के 150 वर्ष की वर्ष-लंबी स्मृति का विशेष उल्लेख किया तथा कहा कियह राष्ट्रगीत स्वतंत्रता संग्राम में देशभक्ति और एकता की ज्वाला बनकर उभरा और आज भी मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के समकालीन संकल्प पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वंदे मातरम ने स्वतंत्रता की प्रेरणा दी, ठीक उसी तरह आत्मनिर्भर भारत आज शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता के माध्यम से मजबूत, स्वावलंबी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा दे रहा है। उन्होंने युवाओं से उत्कृष्टता हासिल कर, इस लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कुलगुरु ने विश्वविद्यालय की विभिन्न अकादमिक एवं ढांचागत विकास परियोजनाओं की जानकारी दी तथा नई योजनाओं से अवगत करवाया। उन्होंने सभी को विश्वविद्यालय की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
कार्यक्रम के अंत में कुलगुरु एवं अतिथियों ने छात्रों को कार्यक्रम के दौरान उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन अधिष्ठाता, विद्यार्थी कल्याण प्रो. प्रदीप कुमार तथा उनकी टीम, द्वारा किया गया। समारोह में सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी तथा काफी संख्या में विद्यार्थी सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों और कर्मचारियों में मिठाईयां बांटी गई।
