
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / विश्वरूप एजुकेशन के तत्वावधान में चौथी राष्ट्रीय विष्वरूप क्विज़- 2026 के तृतीय चरण का सफल आयोजन श्री राम मॉडल स्कूल, सेक्टर–21 ए, फरीदाबाद में किया गया। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता देश के विभिन्न राज्यों से आए मेधावी विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की साक्षी बनी तथा संविधानिक जागरूकता, शैक्षणिक उत्कृष्टता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।
यह कार्यक्रम डॉ. अमृता ज्योति, चेयरपर्सन, श्रीराम सोसाइटी ऑफ रियल एजुकेशन, फरीदाबाद, सुश्री विजयलक्ष्मी शर्मा, डायरेक्टर, वृंदा इंटरनेशनल स्कूल, श्री सुशील कण्व , प्रिंसिपल, GGSSS, जैकबपुरा, सुश्री बीनू शर्मा, प्रिंसिपल, शिर्डी साईं बाबा स्कूल, फरीदाबाद और श्री गौरव दत्ता, एक्लोन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के कुशल मार्गदर्शन और सहयोग से आयोजित किया गया था और इसका संचालन जाने-माने शिक्षाविद श्री ए. डी. भट्ट ने किया। सभी गणमान्य व्यक्तियों ने छात्रों में संवैधानिक मूल्यों और क्रिटिकल थिंकिंग को बढ़ावा देने के लिए विश्वरूप एजुकेशन द्वारा की गई पहल की सराहना की और इस एडवांस्ड नेशनल राउंड में पहुंचने के लिए प्रतिभागियों को बधाई दी।
इस तृतीय चरण में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू, पुडुचेरी एवं तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता को दो वर्गों में आयोजित किया गया
(1) कक्षा 6 से 8 एवं (2) कक्षा 9 से 12।
कक्षा 6–8 वर्ग में कुल 24 विद्यार्थी, जबकि कक्षा 9–12 वर्ग में 25 विद्यार्थियों ने प्रतिस्पर्धा की। सभी चयनित विद्यार्थी अपने अभिभावकों अथवा संबंधित विद्यालय समन्वयकों के साथ उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का वातावरण गरिमामय एवं अनुशासित बना रहा।
कक्षा 6–8 वर्ग में दिल्ली के एएसएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मयूर विहार के वेदांग मार्मट ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹1,01,000 की पुरस्कार राशि जीती।
द्वितीय स्थान ₹51,000 की पुरस्कार राशि के साथ गुरुग्राम के लोटस वैली इंटरनेशनल स्कूल की इवाना अग्रवाल ने प्राप्त किया।
तृतीय स्थान ₹21,000 की पुरस्कार राशि के साथ देहरादून के दिल्ली पब्लिक स्कूल की समिक्षा बरवार ने हासिल किया।
कक्षा 9–12 वर्ग में दिल्ली के जैन भारती मृगावती विद्यालय के पार्थ खत्री ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹1,01,000 की पुरस्कार राशि जीती।
द्वितीय स्थान ₹51,000 की पुरस्कार राशि के साथ दरबारी लाल डीएवी की पी. एस. लक्षिता ने प्राप्त किया।
तृतीय स्थान ₹21,000 की पुरस्कार राशि के साथ आर्मी पब्लिक स्कूल माधोपुर, पंजाब की एंजेलिना ने हासिल किया।
प्रश्नोत्तरी के इस चरण में संविधान भारत, नागरिक कर्तव्यों, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं समकालीन संवैधानिक विषयों पर आधारित अनेक बौद्धिक रूप से चुनौतीपूर्ण चरण शामिल किए गए। कार्यक्रम का समापन विजेताओं को चेक एवं पदक वितरण के साथ हुआ, जो विद्यार्थियों, अभिभावकों, विद्यालयों और आयोजकों के लिए गर्व का क्षण रहा।
चौथे राष्ट्रीय विष्वरूप क्विज़ के तृतीय चरण का सफल आयोजन एक बार फिर यह सिद्ध करता है कि यह प्रतियोगिता देशभर के विद्यालयी विद्यार्थियों में संवैधानिक साक्षरता को बढ़ावा देने तथा जागरूक और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का एक प्रभावी राष्ट्रीय मंच बन चुकी है।




