फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / विधायक चौधरी अफताब अहमद की अध्यक्षता वाली हरियाणा विधानसभा की लोक लेखा समिति (पब्लिक अकाउंट्स कमेटी) ने आज अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, छांयसा, फरीदाबाद का औपचारिक एवं विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर लोक लेखा समिति के अध्यक्ष सहित समिति के सदस्य विधायक ओम प्रकाश यादव, विधायक योगेंद्र सिंह राणा, विधायक कंवर सिंह तथा स्थानीय विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया ने संस्थान में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आधारभूत ढांचे, मानव संसाधन तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने ओपीडी, वार्ड, आपातकालीन सेवाओं सहित अन्य प्रमुख विभागों का अवलोकन किया तथा आवश्यक मेडिकल सुविधाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता की गहन समीक्षा की।
लोक लेखा समिति ने कॉलेज एवं अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा संसाधन समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराए जाएं। विशेष रूप से सीटी स्कैन, एमआरआई सहित अन्य आवश्यक आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
कॉलेज प्रशासन की ओर से समिति को अवगत कराया गया कि संस्थान में आवश्यक सुविधाओं को चरणबद्ध रूप से सुदृढ़ किया जा रहा है तथा 30 अप्रैल तक सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। समिति ने आश्वासन की समय-सीमा के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त फरीदाबाद आयुष सिन्हा, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद शिखा अंतिल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा, अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय मेडिकल कॉलेज के कार्यवाहक निदेशक डॉ. देवेंद्र, डॉ. अमनदीप सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
