फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर फरीदाबाद में कक्षा पांचवीं की वार्षिक सांस्कृतिक प्रस्तुति रंगरागिनी का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर शत प्रतिशत विद्यार्थियों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम में मेयर प्रवीण जोशी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं। वहीं संस्थापक संरक्षक शैल बाला जैन और प्रो वाइस चेयरमैन रोहित जैनेंद्र जैन सहित अन्य विशिष्ट के रूप में उपस्थित रहे। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ ईको-फ्रेंडली अभिवादन द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत हुई और पारंपरिक दीप प्रज्वलन ने ज्ञान और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश प्रसारित किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. बिंदु शर्मा ने अपने स्वागत संबोधन में छात्रों की रचनात्मकता एवं अध्यापकों के अथक परिश्रम की सराहना की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण झांसी की रानी लक्ष्मीबाई पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रहा। छोटी मनु से लेकर पराक्रमी योद्धा बनने तक की उनकी प्रेरक यात्रा को बच्चों ने शानदार अभिनय, जोशीले संवादों और दमदार नृत्याभिनय से मंच पर जीवंत किया। प्रस्तुति ने दर्शकों के मन में देशभक्ति और गर्व की भावना को नए सिरे से प्रज्वलित किया।
मुख्य अतिथि प्रवीण जोशी ने विद्यालय कि इस रचनात्मक पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में नेतृत्व, साहस और राष्ट्रप्रेम के मूल्यों को दृढ़ बनाते हैं। धन्यवाद ज्ञापन में मुख्य अध्यापिका ऋतु जैन ने अभिभावकों, शिक्षकों, तकनीकी टीम और सहयोगियों के योगदान की सराहना की। राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसने पूरे वातावरण को गर्व और एकता की भावना से भर दिया। इस मौके पर बच्चों के दादा-दादी , नाना नानी भी मौजूद रहे।
