फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, एनएच- 3, तथा आर्य युवा समाज के संयुक्त तत्वाधान मे “नो नशा नेशन” अभियान के अंतर्गत युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजन छट पूजा पार्क, एस जी एम नगर में किया गया।
इस अभियान का नेतृत्व युवा आर्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी सूरी कर रहे हैं। इसके अंतर्गत 100 कुंडीय महायज्ञ एनएच- 3 में आयोजित किया गया तथा अन्य डीएवी स्कूल भी इस अभियान में शामिल होकर महायज्ञ का आयोजन कर रहे हैं। इस यज्ञ के माध्यम से न केवल धार्मिक-सांस्कृतिक वातावरण तैयार होगा, बल्कि युवाओं में नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूकता भी फैलायी जाएगी। “नो नशा नेशन” स्लोगन के साथ युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर समाज को जागरूक करने का संदेश स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी दिया गया।
इस अवसर पर एमसीएफ मेयर मुख्य अतिथि प्रवीण बत्रा जोशी, वार्ड 16 के पार्षद मनोज नासवा भी महायज्ञ शामिल हुये तथा उनका ओम पट्टीका पहना कर व एक पौधा देकर सम्मानित किया गया। मेयर ने अपने उद्बोधन में अवाहन किया कि यदि राष्ट्र के बच्चे और युवा नशा मुक्त होंगे, तभी हमारी आने वाली पीढ़ी स्वस्थ होगी और एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण हो पाएगा। स्वर्णिम भारत के निर्माण के लिए युवा समाज का यह देशव्यापी अभियान एक सराहनीय कदम है और स्कूल इसके लिए पूर्ण निष्ठा से प्रयासरत है।
स्कूल की प्रधानाचार्या ज्योति दहिया ने बताया कि यह यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि नशा मुक्त देश व समाज की दिशा में युवाओं का एक दृढ़ संकल्प है। आज का युवा ही कल के भारत का भविष्य है। यह यज्ञ के माध्यम से समाज में शांति, सौहार्द, पर्यावरण शुद्धि, सामूहिक आध्यात्मिक जागरण तथा सकारात्मक ऊर्जा का संदेश जायेगा।
इस महायज्ञ में वसु मित्र सत्यार्थी, विजय लक्ष्मी, जितेंद्र सरल, सुरेश गुलाटी, जगदीश चंद विरमानी, गोल्डी ममल्होत्रा, रेखा रावत, रजनी, रविंद्र कौर, अशमित, आंचल, विद्यालय के समस्त अध्यापक, अध्यापिका, विद्यार्थियों व विभिन्न आर्य समाज, दयानंद योगधाम, प्ले स्कूल की प्रधानाचार्या, एन एच 3 की विभिन्न आरडब्लूए के प्रतिनिधि शामिल हुए।
