
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा फरीदाबाद में विद्यालय प्रांगण में ऑन द स्पॉट प्रतियोगिता का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक अभिव्यक्ति, विषय वस्तु की गहन समझ, त्वरित सोच, समय-प्रबंधन, तथा प्रस्तुतीकरण कौशल को विकसित करना था ताकि वे उच्च स्तर की शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार हो सकें।
प्राचार्य मनचंदा ने बताया कि कार्यक्रम में पीजीटी फाइन आर्ट्स गीता शर्मा जिन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों, मानकों एवं उद्देश्य से परिचित कराते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह, ऊर्जा और एकाग्रता के साथ भाग लिया तथा निर्धारित विषय पर सीमित समय में अपनी रचनात्मकता, तार्किक सोच, और प्रभावी अभिव्यक्ति का परिचय दिया। निर्णायक मंडल द्वारा प्रस्तुतियों के मूल्यांकन के पश्चात कक्षा 9B की रोशनी ने प्रथम स्थान, कक्षा 9F की अंजली ने द्वितीय स्थान तथा कक्षा 9B की खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। चयनित सभी विद्यार्थी अब विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए जिला स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में न केवल रचनात्मक क्षमता को सशक्त किया, बल्कि उनमें जिम्मेदारी, आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और अकादमिक संवर्धन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया।
प्रधानाचार्य मनचन्दा ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए संदेश दिया कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार बनती हैं तथा उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थी कल्याण गतिविधियों को विद्यालय में निरंतर जारी रखने हेतु प्रेरणादायी संदेश प्रदान किया और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों दीपांजलि, सरिता, सुशीला, ममता, निखिल, दिनेश एवं विद्यार्थियों की प्रशंसा की।





