फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / फरीदाबाद सेक्टर 21-बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में ट्रैफिक पुलिस विभाग के सहयोग से सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वयं एएसआई वीरेंद्र सिंह, जिन्हें सभी स्नेहपूर्वक “ट्रैफिक ताऊ” के नाम से जानते हैं, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यशाला का मुख्य आकर्षण रहे ‘ट्रैफिक ताऊ’, जिन्होंने बच्चों से अत्यंत रोचक, हास्यपूर्ण और व्यवहारिक संवाद के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों का महत्व समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क पार करते समय किन सावधानियों का पालन आवश्यक है, ट्रैफिक सिग्नल का पालन क्यों जरूरी है तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग जीवन रक्षा के लिए कितना अनिवार्य है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग तथा नशे की अवस्था में ड्राइविंग करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि स्वयं के और दूसरों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने, अनुशासित जीवन जीने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
ट्रैफिक ताऊ ने विद्यार्थियों को यह भी अवगत कराया कि 16 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थी दोपहिया वाहन नहीं चला सकते, जबकि 16 वर्ष या उससे अधिक आयु के विद्यार्थी केवल बिना गियर वाले वाहन पर लर्निंग लाइसेंस प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी विद्यार्थी को गियर वाले वाहन चलाते पाया गया, तो अभिभावकों पर ₹25,000 का जुर्माना और तीन वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
ट्रैफिक ताऊ ने जीवा पब्लिक स्कूल के ट्रैफिक क्लब की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहाँ के बच्चे वास्तव में समाज के “ट्रैफिक एंबेसडर” हैं। उन्होंने सराहाना करते हुए कहा कि जीवा के छात्र समय-समय पर ट्रैफिक रूल्स अभियान चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करते हैं। विद्यालय की ट्रैफिक टीम रोजाना विद्यालय गेट पर स्लोगन कार्ड, प्रतीक चिन्ह और पंपलेट के माध्यम से लोगों को संदेश देती है —
“सड़क सुरक्षा ही जीवन सुरक्षा है!”
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने भी कहा कि जीवा पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अनुशासन और सुरक्षा के मूल्य सिखाए जाते हैं। सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना हमारा दायित्व है, यह हमारी जीवन रक्षा का सबसे महत्वपूर्ण उपाय भी है।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना, उन्हें एक सजग, जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक के रूप में विकसित करना रहा।
कार्यक्रम सभी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत जानकारीपूर्ण, प्रेरणादायक और मनोरंजक रहा।
अंत में ट्रैफिक ताऊ ने सभी विद्यार्थियों को समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति फैलाने का संकल्प दिलाया।
सहायता हेल्पलाइन नंबर:
ट्रैफिक ताऊ – 8459131297
नशा मुक्ति हेल्पलाइन – 9050891508
