फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
स्पेशल अचीवर्स चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सेक्टर-16 स्थित गुर्जर भवन में दिव्यांगजनों के लिए स्वास्थ्य शिविर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हरियाणा के दिव्यांगजन राज्य आयुक्त राजकुमार मक्कड़ ने दिव्यांगों की समस्या निवारण हेतु इस जागरूकता शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए इस वर्ष 31 अगस्त तक सभी दिव्यांगजनों को अपना दिव्यांगता पहचान-पत्र (यूनिक डिसेबिलिटी आईडेंटिटी कार्ड) बनवाना जरूरी है, अन्यथा 1 सितंबर से उनके सभी लाभ बंद हो जाएंगे। इस अवसर पर जिला के दिव्यांगों की शिकायतों को सुना और उनका निवारण करने का आश्वासन दिया।
राज्य आयुक्त राजकुमार मक्कड़ ने दिव्यांगजन को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार दिव्यांगों को उनके अधिकार दिलवाने के लिए संकल्पबद्ध है। इसके लिए जरूरी है कि सभी दिव्यांगजन 1 सितंबर 2022 से पहले अपना यूडीआईडी कार्ड अवश्य बनवा लें। उन्होंने बताया कि पर्सन्स विद डिसेबिलिटी एक्ट, 1995 के अनुसार नौकरियों में भर्ती और पदोन्नति में दिव्यांगों को तीन प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। पिछली सरकारों ने दिव्यांगों को उनका यह हक नही दिया और यह दर्शाते हुए कि दिव्यांगजन उपलब्ध नही हैं अपने चहेतों को उन पदों पर भर लिया। उन्होंने बताया हालांकि 1995 के एक्ट को रद्द कर दिया गया है, लेकिन उसके बाद 15 नवंबर 2021 को सरकार द्वारा यह अधिसूचना जारी की गई कि एक जनवरी 1996 से लेकर अब तक दिव्यांगजन के लिए नौकरियों में जो 3 प्रतिशत आरक्षण था, उसके बैकलॉग को पूरा किया जाएगा। इसी प्रकार, 25 मार्च 2022 को सरकारी सेवा में कार्यरत दिव्यांगों को पदोन्नति में आरक्षण प्रदान करने की अधिसूचना जारी की गई। उन्होंने बताया कि सरकार की इस पहल से 5 हजार से ज्यादा दिव्यांगजन लाभान्वित हो चुके हैं तथा अन्य 5 हजार दिव्यांगजन को लाभ देने की प्रक्रिया चल रही है, जिसे 31 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ राजकुमार मक्कड़ ने बताया कि चूंकि पिछली सरकारों ने लाभ नही दिया, इसलिए वर्तमान सरकार द्वारा प्रथम व द्वितीय श्रेणी की नौकरियों के लिए दिव्यांगजनों को 10 वर्ष और तृतीय व चतुर्थ श्रेणी नौकरियों के लिए आयु में 15 साल की छूट दी जा रही है। इसके लिए डिसेबिलिटी सर्टिफिकेट का होना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि नए प्रावधान के अनुसार 3 चिकित्सकों का पैनल उस व्यक्ति की जांच करेगा और दस्तावेजों पर तीनों चिकित्सकों के नाम व उनके एमसीआई के रजिस्ट्रेशन नंबर लिखे जाएंगे ताकि यह ज्ञात रहे कि प्रमाण-पत्र किसने बनाया था। दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने वाली चिकित्सकों की टीम में संबंधित व्यक्ति की दिव्यांगता दर्शाने के लिए उस दिव्यांगता से संबंधित चिकित्सा अवश्य मौजूद रहेगा। उन्होंने बताया कि किसी दिव्यांगजन को लगता है कि उसका प्रमाण-पत्र गलत बन गया है तो वह ऑनलाइन या ऑफलाइन मोड से स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक को अपील कर सकता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई अधिसूचना के अनुसार दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए अब दिव्यांगों को अस्पताल के चक्कर लगाने की जरूरत नही है। वह अपने नजदीकी अटल सेवा केन्द्र या सीएससी केन्द्र पर जाकर स्वावलंबन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद, नागरिक अस्पताल से उसे डॉक्टरी परीक्षण के लिए अप्वाइंटमेंट दी जाएगी। इस अवसर पर मौजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय गुप्ता ने दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे अपने यूडीआईडी कार्ड बनवाने के साथ-साथ अपने जानकारी में रहने वाले सभी दिव्यांगों को भी इस बारे में अवश्य जागरूक करें। आमजन भी इस जागरूकता का हिस्सा बनकर अपना कर्तव्य निभाएं।
कार्यक्रम का मंच संचालन पंकज हंस द्वारा किया गया। माधवी हंस ने बताया कि यहां पर आए हुए दिव्यांगजनों को अलग-अलग मोटिवेशनल ट्रेनर यहां आकर उनका मनोबल बढ़ाएंगे, उनका जीवन में मार्गदर्शन करने का काम करेंगे। यहां पर आए हुए लोगों को किसी को पद्मश्री अवॉर्ड प्राप्त है, तो किसी को राष्ट्रपति अवार्ड मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जो दिव्यांग समाज के लिए हौसला बढ़ाने का हिम्मत बढ़ाने का जो काम किया है वह काम जो है अभूतपूर्व और ऐतिहासिक काम है। ऐसे करोड़ों लोगों को बहुत बड़ा लाभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने दिया है जो इनके साथ मैंने व्यक्तिगत मिलकर बात की। उन्होंने कहा कि स्पेशल अचीवर्स संस्था ईमानदारी से काम करती है और ऐसे ही संस्था के साथ सामाजिक एवं राजनीतिक लोगों को खड़े रहने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में पधारने पर मुख्य अतिथि को फूल मालाएं पहनाकर व पुष्पगुच्छ भेट कर उनका स्वागत अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से चुन्नीलाल चोपड़ा, दिनेश छाबड़ा, टोनी पहलवान, कुलदीप साहनी, सुनील कुमार, अशोक ढल, रविन्द्र मंगला, सतपाल चौधरी, विमल खंडेलवाल सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
किसी प्रकार की समस्या एवं सुझाव के लिए सम्पर्क करे
श्रेयस पांचाल :- 9654189636
jantantratoday2022@gmail.com
