फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / राजकीय महिला महाविद्यालय, फरीदाबाद की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई तथा रेड क्रॉस यूनिट ने संयुक्त रूप से आज “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारम्भ होकर निकटवर्ती दौलताबाद गाँव तक पहुँची, जिसमें 500 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेविकाओं ने “नशा छोड़ो – जीवन जोड़ो”, “नशा नहीं, उम्मीद चुनो”, “बेटियाँ जागेंगी – भारत नशा मुक्त बनेगा” जैसे जोशीले नारे लगाते हुए तख्तियाँ-बैनर लहराए। ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प-वर्षा कर रैली का स्वागत किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य श्री घनश्याम दास ने कहा, “नशा केवल व्यक्ति को नहीं, अपितु पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। आप सभी बेटियाँ न केवल स्वयं नशे से दूर रहें, बल्कि अपने घर-गाँव और आस-पड़ोस को भी जागरूक करें। नशा मुक्त भारत तभी संभव है जब हमारी युवा शक्ति आगे आए।”
प्राचार्य महोदय ने NSS व रेड क्रॉस यूनिट की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा इसे राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ इकाई बनाने का संकल्प दोहराया।
विशेष आकर्षण:
राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के पावन अवसर पर महाविद्यालय परिसर में सभी छात्राओं ने एक स्वर में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रचना सैनी ने छात्राओं को गीत का ऐतिहासिक महत्व, बंकिम बाबू की रचना-प्रक्रिया तथा स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका विस्तार से समझाई।कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रचना सैनी एवं मीनल सभरवाल ने बताया कि यह रैली अभियान की पहली कड़ी है। आगामी दिनों में दौलताबाद गाँव में नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता, शपथ ग्रहण कार्यक्रम तथा व्यसन मुक्ति शिविर आयोजित किए जाएँगे।
