फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / डीपीएस ग्रेटर फरीदाबाद में जर्मन एक्सचेंज प्रोग्राम 2025-26 के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें जर्मनी से आए प्रतिनिधिमंडल का जोरदार स्वागत किया गया। इस प्रतिनिधिमंडल में दो शिक्षिकाएं व 8 विद्यार्थी शामिल रहे। यह दौरा भारत और जर्मनी के बीच चल रहे जर्मन एक्सचेंज प्रोग्राम 2025-26 का हिस्सा है।
स्कूल की प्रिंसीपल डा. बिंदु शर्मा ने कहा कि जर्मनी ने भारत के आठ विद्यालयों के साथ इस शैक्षणिक और सांस्कृतिक पहल को आगे बढ़ाया है, और डीपीएस ग्रेटर फरीदाबाद को गर्व है कि वह कई वर्षों से इस अंतरराष्ट्रीय सहयोग का एक महत्वपूर्ण भागीदार रहा है, जो निरंतर सीख, संवाद और सांस्कृतिक एकता के सेतु को मजबूत कर रहा है। इस मौके पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया तथा अतिथियों का विशेष स्वागत किया गया। इसके बाद इंडो-जर्मन एक्सचेंज पार्टनर्स का परिचय कराया गया, जिसमें छात्रों के बीच बढ़ती मित्रता और सांस्कृतिक एकता झलक रही थी। इसके बाद प्रस्तुत फ्यूजन डांस परफॉर्मेंस ने भारत और जर्मनी की संस्कृतियों को लय और रंगों के माध्यम से सुंदरता से जोड़ दिया।
इस मौके पर जर्मनी से आए प्रतिनिधिमंडल ने डीपीएस फरीदाबाद के आतिथ्य व भारतीय संस्कृति व संस्कारवान शिक्षा पद्धति की मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर भारत और जर्मनी के राष्ट्रीय गान गाए गए।
