फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सेक्टर-16 स्थित फरीदाबाद कालीबाड़ी मंदिर प्रांगण में माता जगधात्री की पूजा-अनुष्ठान बड़े हर्ष और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सैकड़ों भक्तों ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। माता जगधात्री की यह पूजा कार्तिक माह की शुक्ल तिथि में मनाई जाती है और इसे छठ पूजा के बाद आने वाले महत्वपूर्ण पर्वों में से एक माना जाता है।
जगधात्री शब्द का अर्थ “संसार की धारण करने वाली माता” होता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, देवी जगधात्री को चार भुजाओं वाली देवी के रूप में पूजा जाता है, जो सिंह पर विराजमान होती हैं और उनके चरणों के नीचे अहंकार रूपी हाथी होता है। केना उपनिषद और कात्यायनी तंत्र में वर्णित कथा के अनुसार, देवी जगधात्री ने देवताओं के अहंकार को दूर कर यह स्मरण कराया कि समस्त शक्तियाँ उन्हीं से उत्पन्न हैं। इस प्रकार, माता जगधात्री शक्ति, विनम्रता और सृजन की प्रतीक मानी जाती हैं।
पूजा-अनुष्ठान के बाद मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 450 भक्तों ने लंगर ग्रहण किया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति, संगीत और माँ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
इस धार्मिक आयोजन के सफल संचालन में कविता सरकार, मेंत्रि बोस, शामली घोष, अनिता सरकार, तुली बैरा, तनुश्री, वैशाखी मुखर्जी, पौलमी नियोगी , उमा पहाड़ी संस्था के महासचिव ए के पंडित सहित अन्य कई कार्यकर्ताओ ने प्रमुख भूमिका निभाई। भक्तों ने इस अवसर को सामूहिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया।
