फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नई दिल्ली:– दिल्ली एक बार फिर दिव्यता, भक्ति और आस्था के अद्भुत संगम का साक्षी बनने जा रही है। श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज की असीम कृपा से श्री मेहंदीपुर बालाजी सेवा ट्रस्ट (रजि.) द्वारा आगामी 28 अक्टूबर 2025, दिन मंगलवार को “पंचम श्री मेहंदीपुर बालाजी संकीर्तन महोत्सव” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह दिव्य कार्यक्रम शाम 4:15 बजे से प्रभु इच्छा तक चलेगा, जिसका स्थल जेएमडी टेंट, जापानी पार्क, रोहिणी निर्धारित किया गया है।
यह वार्षिक संकीर्तन महोत्सव पिछले चार वर्षों से लगातार श्रद्धा और समाजसेवा का प्रेरणास्रोत बनकर भक्तों के हृदय में स्थान बना चुका है। इस वर्ष यह आयोजन पहले से भी अधिक भव्य, भावनात्मक और अध्यात्मिक रंगों से सजा होगा। देशभर से हजारों श्रद्धालु इस महोत्सव में भाग लेने को उत्साहित हैं। महोत्सव में सुप्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल, स्वस्ति मेहुल जैन, सुशील गौतम, पूजा आनंद, मोहित गोयल और पंकज सोनी अपनी मधुर स्वर लहरियों से भक्ति रस की ऐसी धारा प्रवाहित करेंगे, जिसमें हर भक्त बालाजी महाराज के प्रेम में सराबोर हो उठेगा। पूरा परिसर जयकारों और संकीर्तन की गूंज से दिव्य वातावरण में बदल जाएगा।
श्री मेहंदीपुर बालाजी सेवा ट्रस्ट (रजि.) के प्रमुख पदाधिकारियों में मुख्य प्रेरणास्रोत नरेश ऐरन, चेयरमैन नीरज जैन, प्रधान सचिन अग्रवाल, वरिष्ठ उप-प्रधान सौरभ गुप्ता, महामंत्री सुमित सिंघल, कोषाध्यक्ष आशीष मित्तल, अरुण मित्तल, तथा मुख्य संरक्षक संजय गुप्ता, राजेश गोयल, निपुण गर्ग, सन्नी मित्तल, कृष्ण गोयल, संयोजक अमित तायल और राजीव सिंगला शामिल हैं। इन सभी पदाधिकारियों के अटूट सहयोग, नि:स्वार्थ सेवा भावना और समर्पण से यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भक्ति, संगीत और सेवा का भव्य संगम बन गया है।
संस्था के प्रधान सचिन अग्रवाल व महामंत्री सुमित सिंघल ने बताया कि, यह संकीर्तन महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सेवा का सजीव उदाहरण है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, ट्रैफिक, मेडिकल सहायता और पार्किंग जैसी सभी व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि, पिछले चार वर्षों से यह महोत्सव हर बार भक्तों के उत्साह, अनुशासन और भक्ति भावना के कारण अविस्मरणीय बनता जा रहा है। इस बार भी ट्रस्ट की टीम दिन-रात एक कर भक्ति के इस पर्व को यादगार बनाने में जुटी हुई है।
सचिन अग्रवाल ने सभी भक्तों से आग्रह किया है कि, वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर बालाजी महाराज के चरणों में शीश नवाएं, सुख-शांति और समृद्धि की कामना करें। उन्होंने कहा,“जो भी सच्चे मन से बालाजी महाराज की शरण में आता है, उसकी हर पीड़ा दूर होती है और जीवन में नई रोशनी फैलती है।
