फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव डॉ. सुषमा गुप्ता के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त एवं परिषद के अध्यक्ष विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में बाल महोत्सव – 2025 का आयोजन दिनांक 13 से 17 अक्टूबर 2025 तक बाल भवन, फरीदाबाद में किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला बाल कल्याण अधिकारी पिंकी ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को उजागर करना और उन्हें एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने बताया कि बाल महोत्सव के अंतर्गत कुल 46 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिन्हें चार वर्गों में विभाजित किया गया है — प्रथम वर्ग (कक्षा 1 से 5), द्वितीय वर्ग (कक्षा 6 से 8), तृतीय वर्ग (कक्षा 9 से 10) तथा चतुर्थ वर्ग (कक्षा 11 से 12)।
प्रतियोगिताओं में एकल नृत्य, समूह नृत्य, क्लासिकल नृत्य, एकल गान, देशभक्ति समूह गान, नाटक, बेस्ट ड्रामेबाज, फैंसी ड्रेस, डिक्लेमेशन, क्विज कॉन्टेस्ट, हैंडराइटिंग (हिंदी/अंग्रेज़ी), कार्ड मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, पोस्टर मेकिंग, स्केचिंग ऑन द स्पॉट, रंगोली, थाली/कलश सजावट, दिया-कैंडल डेकोरेशन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
जिला फरीदाबाद के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी इन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑन द स्पॉट एंट्री की भी व्यवस्था की गई है।
जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। वहीं मंडल स्तर पर चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय बाल महोत्सव में अपने जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कुछ प्रतियोगिताओं जैसे फैंसी ड्रेस, क्ले मॉडलिंग, कार्ड मेकिंग, रंगोली आदि में जिला स्तर के विजेता सीधे राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
जिला स्तर के विजेताओं को 14 नवम्बर 2025 को बाल दिवस के अवसर पर बाल भवन, फरीदाबाद में आयोजित परितोषिक वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तरीय विजेताओं को राज्य स्तर पर आयोजित समारोह में सम्मान प्राप्त होगा।
यह आयोजन न केवल बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देगा, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा की भावना और सामाजिक जुड़ाव भी मजबूत करेगा।
