फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / शुक्रवार को अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ (विंग-1) की महिला
प्रकोष्ठ द्वारा महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और
उन्हें आत्मरक्षा के उपायों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का संचालन महिला थाना प्रभारी सुश्री सुनीता, कांस्टेबल रजनी और
टीम दुर्गा शक्ति की प्रियंका ने किया। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा
कानून, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध तथा आत्मरक्षा तकनीकों के बारे में जानकारी
दी। विशेष रूप से साइबर अपराध जैसे ऑनलाइन उत्पीड़न, पहचान की चोरी
और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के तरीकों पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने सक्रिय रूप से प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाएँ साझा
कीं। वक्ताओं ने उन्हें आत्मविश्वास बढ़ाने और आत्मरक्षा करने के उपयोगी
उपाय बताए। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सुश्री रीना गुप्ता, सुश्री चित्रा,
सुश्री संजना और सुश्री मोनिका का विशेष योगदान रहा। लगभग 80 छात्राओं ने
इसमें भाग लिया और इसे अत्यंत लाभकारी बताया।
अंत में छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन एवं टीम दुर्गा शक्ति का आभार व्यक्त किया।
