फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / शुक्रवार को अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में महर्षि दयानंद
विश्वविद्यालय की तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ l जिसमें महर्षि
दयानंद विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी कॉलेजों के पुरुष व महिला
प्रतिभागियों ने भाग लिया l आज उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि महाविद्यालय
के प्राचार्य डॉ० संजीव कुमार गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों को खेल को खेल
भावना से खेलने का संदेश देते हुए अच्छा प्रदर्शन करने की सलाह दी l
इन आयोजन का श्रेय अग्रवाल कॉलेज के प्रधान देवेंद्र कुमार गुप्ता व
महासचिव दिनेश कुमार गुप्ता को जाता है , उनका मानना है कि शिक्षा
के साथ-साथ खेल भी बालकों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण होते हैं l आज
कंपाउंड व इंडियन राउंड की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया l इन
प्रतियोगिताओं में फरीदाबाद, पलवल, झज्जर, रोहतक व सोनीपत के लगभग 15
कॉलेज भाग ले रहे हैं l आज सबसे पहले पुरुष वर्ग की कंपाउंड राउंड की
प्रतियोगिता में गवर्नमेंट कॉलेज गन्नौर के पुलकित काजला 697 अंकों के साथ
प्रथम स्थान पर रहे, मातु राम कॉलेज के नवनीत देशवाल 693 अंकों के साथ
द्वितीय स्थान पर और जाट कॉलेज के यश 681 अंकों के साथ तृतीय स्थान
पर रहे l
कंपाउंड राउंड पुरुष वर्ग की टीम स्पर्धा में गवर्नमेंट कॉलेज गन्नौर ने
प्रथम स्थान व जाट कॉलेज रोहतक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया l कंपाउंड
राउंड के महिला वर्ग में महारानी किशोरी कॉलेज होडल की कंचन ने 690 अंक
प्राप्त कर प्रथम स्नान,अग्रवाल कॉलेज की पलक ने 639 अंक प्राप्त कर
द्वितीय स्थान, वहीं डोली गवर्नमेंट कॉलेज मोहना ने 624 अंक प्राप्त कर तृतीय
स्थान प्राप्त किया और टीम स्पर्धा में अग्रवाल कॉलेज ने प्रथम स्थान
,टीकाराम कॉलेज ने द्वितीय स्थान व के०एल मेहता दयानंद कॉलेज की टीम
ने तृतीय स्थान प्राप्त किया l
कल 20 सितंबर 2025 को समापन सत्र में रिकर्व राउंड की पुरुष व महिला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा व दोनों दिन में हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा l
