
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ फरीदाबाद, 18 अगस्त। आज़ादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, नीलम-बाटा रोड परिसर में केनरा विद्या ज्योति योजना के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस योजना के तहत कक्षा 5वीं से 10वीं तक की अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति वर्ग की टॉपर छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
केनरा बैंक के मंडल महाप्रबंधक दीपक शुक्ला (मंडल कार्यालय, करनाल) और सहायक महाप्रबंधक कमल कुमार (क्षेत्रीय कार्यालय, फरीदाबाद) ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में इस योजना के तहत छात्रवृत्तियाँ वितरित की गईं, ताकि छात्राएं अपनी शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति कर सकें और आगे बढ़ें।
दीपक शुक्ला ने जानकारी दी कि:
- कक्षा 5वीं से 7वीं तक की छात्राओं को ₹3,000
- कक्षा 8वीं से 10वीं तक की छात्राओं को ₹5,000 की छात्रवृत्ति दी जाती है।
फरीदाबाद क्षेत्रीय कार्यालय में कुल 168 अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग की टॉपर छात्राओं को यह छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
कमल कुमार ने बताया कि योजना के तहत चयनित छात्राओं को क्षेत्रीय कार्यालय में आमंत्रित कर सम्मानपूर्वक छात्रवृत्ति दी जाती है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने केनरा बैंक और उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया तथा जलपान भी ग्रहण किया।







