
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ विहंगम योग संस्थान द्वारा आयोजित स्वर्वेद राष्ट्रीय संदेश यात्रा, जो कश्मीर से कन्याकुमारी तक राष्ट्र जागरण का संदेश लेकर चल रही है, आज फरीदाबाद पहुँची। इस ऐतिहासिक यात्रा के स्वागत हेतु शोभराज होटल, फरीदाबाद में एक भव्य एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में यात्रा के मुख्य संयोजक, राष्ट्रीय संत प्रवर विज्ञान देव महाराज जी ने सभी जिज्ञासुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि “राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था को सदैव प्रकट करना चाहिए। यही सच्चा राष्ट्र धर्म है।” उन्होंने उपस्थित जनों को स्वर्वेद दर्शन एवं योग साधना के माध्यम से जीवन को श्रेष्ठ बनाने की प्रेरणा दी।
संत विज्ञान देव महाराज जी के आगमन पर स्थानीय श्रद्धालुओं एवं संस्था के सदस्यों द्वारा गुलदस्तों और पुष्प वर्षा से उनका भावपूर्ण स्वागत किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्र और समाज निर्माण में आध्यात्मिक योगदान पर विशेष चर्चा हुई।
इस शुभ अवसर पर श्री अंगद चौरसिया जी ने संत प्रवर जी के आगमन पर हृदय से वंदन, अभिनंदन व धन्यवाद प्रकट किया।
स्वर्वेद राष्ट्रीय संदेश यात्रा का उद्देश्य भारतवर्ष में आध्यात्मिक चेतना, योग साधना और राष्ट्र प्रेम का संदेश फैलाना है। यह यात्रा देश के कोने-कोने में लोगों को स्वर्णिम जीवन पथ की ओर प्रेरित कर रही है।






