भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव जेटली
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ वरिष्ठ नेता राजीव जेटली ने एक प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि रणदीप सुरजेवाला का हरियाणा सरकार पर निशाना साधना दरअसल भूपेंद्र हुड्डा से उनकी निजी रंजिश का परिणाम है। उन्होंने सुरजेवाला पर आरोप लगाया कि वह सरकार को बदनाम करने के उद्देश्य से जनभावनाओं को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
राजीव जेटली ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में हरियाणा में गैंगस्टरों को सरकारी संरक्षण प्राप्त था, और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के शासन में अपराधियों का बोलबाला बढ़ गया था। उन्होंने दावा किया कि उनके पास 2012 से 2014 तक की आपराधिक घटनाओं के आंकड़े मौजूद हैं, जिनमें सबसे ज्यादा हत्या और लूट के मामले हुए।
उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार बनते ही गैंगस्टरों का सफाया शुरू किया गया, और अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिसमें कई एनकाउंटर शामिल हैं।
जेटली ने रणदीप सुरजेवाला पर तंज कसते हुए कहा, “हरियाणा की जनता ने एक ऐसा मुख्यमंत्री चुना है जो मुस्कुराते हुए लोगों के बीच जाता है, लेकिन सुरजेवाला को यह बात हजम नहीं हो रही।“
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि सुरजेवाला को किसी से विरोध है तो वह सीधे भूपेंद्र हुड्डा के खिलाफ प्रेस नोट जारी करें, न कि हरियाणा सरकार के खिलाफ मनगढ़ंत आरोप लगाएं।
प्रेस बयान के अंत में उन्होंने अपील की कि हरियाणा की जनता को गुमराह करना बंद करें, और अगर वास्तविकता जाननी हो तो आम लोगों से मिलकर पूछें कि सरकार किस प्रकार से लोगों के बीच सक्रिय है और कार्य कर रही है।
