
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ अग्रवाल महाविद्यालय की सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड तथा यूथ रेड क्रॉस इकाई द्वारा अग्रवाल विद्या प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष तथा कॉलेज प्रधान श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार गुप्ता के दिशा निर्देशन में विश्व प्राथमिक चिकित्सा दिवस 2024 मनाया गया। विश्व प्राथमिक चिकित्सा दिवस हर वर्ष 14 सितंबर को आयोजित किया जाता है। इस कार्यक्रम में सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड काउंसलर डॉ. देवेंद्र की देखरेख में एक अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया।
व्याख्यान के लिए जिला रेड क्रॉस सोसायटी फरीदाबाद से मोटिवेशनल स्पीकर एवम सर्व मास्टर ट्रेनर श्री दर्शन भाटिया ने वर्ष 2024 के थीम ‘प्राथमिक चिकित्सा एवं खेल’ विषय पर अपना व्याख्यान दिया। प्राचार्य डॉ. संजीव गुप्ता ने पौधा भेंट कर मुख्य वक्ता का स्वागत किया। श्री भाटिया ने अपने व्याख्यान में सर्वप्रथम रेड क्रॉस के विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश डाला तथा उसके बाद प्राथमिक उपचार के महत्व को समझाया।
उन्होंने बताया कि खेल हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण अंग है तथा बहुत बार खेलते समय प्राथमिक चिकित्सा या उपचार की आवश्यकता होती है। उन्होंने प्राथमिक चिकित्सा के विभिन्न पहलुओं को खेल तथा दिन प्रतिदिन कि हमारी आवश्यकताओं से जोड़कर इसकी महत्ता को रेखांकित किया। यूथ रेड क्रॉस तथा सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के वॉलिंटियर्स ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम में 38 वॉलिंटियर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सुभाष कैलोरिया, वाईआरसी काउंसलर ने इस सरल तथा लाभदायक व्याख्यान के लिए श्री दर्शन भाटिया का धन्यवाद ज्ञापित किया।






