जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चे अपने कार्यक्रम की प्रस्तुति देते हुए
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
सैक्टर 21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में बड़े हर्षोल्लास के साथ श्री कृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन किया गया। विद्यालय में सभी छात्रों ने कार्यक्रम में भाग लिया। सर्वप्रथम प्रार्थना सभा के दौरान विद्यालय के अध्यक्ष श्री ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान, प्रमुख संयोजिका श्रीमती मिनी जोसेफ एवं सभी संयोजिकाओं ने श्रीकृष्ण भगवान की विधिवत रूप से पूजा अर्चना की। तदुपरांत माखन मिश्री का प्रसाद चढ़ाया गया और पूजा के बाद प्रसाद वितरित किया गया।
छात्रों ने भगवान श्रीकृष्ण के सभी रुपों और उनकी कलाओं के विषय में भी विस्तार पूर्वक वर्णन किया व उसके महत्व के विषय में भी बताया। छात्रों ने मनमोहक लघु नाटिका प्रस्तुत की, सुंदर भजन प्रस्तुत किए। छात्राओं ने सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया।

किंडरगार्टन के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने भी पारंपरिक वेशभूषा धारण की और अलग-अलग तरीके से अपनी-अपनी प्रस्तुति
दी। नन्हे मुन्ने बच्चों ने इस अवसर पर डांडिया नृत्य भी किया। विद्यालय में नन्हें-मुन्ने बच्चे कृष्ण और राधा के रूप में
वस्त्र धारण करके आए थे।
बच्चों के इन पारंपरिक वेशभूषा के कारण वातावरण अत्यंत मनोरम हो गया। छात्रों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से संबंधित अनेक विषयों की जानकारी दी गई जिसमें श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर कंस वध के विषय में बताया गया और यह भी बताया गया कि किस प्रकार उन्होंने अधर्म का अंत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री ऋषिपाल चौहान ने कहा कि मनुष्य के कर्मों का फल उसे अवश्य मिलता है इसलिए हमें सदैव अच्छे कर्म करने चाहिए, सबके साथ प्रीति और प्रेम का व्यवहार करना चाहिए। उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान, एकेडमिक एंड एक्सिलेंस हेड श्रीमती मुक्ता सचदेव व प्रमुख संयोजिका सुश्री मिनी जोसेफ ने भी सभी को जन्माष्टमी की बधाई दी और सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।
