
कार्यक्रम के उपरांत समूह चित्र में कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर के साथ विद्यार्थी
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के पूर्व शिक्षण मान्यता (आरपीएल) प्रकोष्ठ द्वारा आज पॉलिटेक्निक छात्रों के लिए कौशल संवर्धन में प्रौद्योगिकी की भूमिका विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उभरती प्रौद्योगिकियों और उन्हें रोजगार योग्य बनाने के लिए आवश्यक कौशल के बारे में बहुमूल्य जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान की महानिदेशक डॉ. तृप्ता ठाकुर रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर ने की। कार्यशाला में हरियाणा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के जिला अधिकारी श्री अनिल सिंह दलाल और यूए कंसल्टेंट्स एवं आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, फरीदाबाद के अतिरिक्त महासचिव श्री अजय अबरोल सहित विशेषज्ञ वक्ता के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। पूर्व शिक्षा की मान्यता (आरपीएल) प्रकोष्ठ की निदेशक डॉ. प्रीत कौर ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम का अवलोकन कराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. तोमर ने अपने अनुभव साझा किए तथा विद्यार्थियों को रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए कौशल विकास के लिए प्रेरित किया। डॉ. तृप्ता ठाकुर ने अपने संबोधन में महिला सशक्तीकरण के लिए कौशल विकास के महत्व पर चर्चा की। श्री अजय अबरोल का संबोधन औद्योगिक कौशल के महत्व पर केंद्रित रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनिल सिंह दलाल ने विद्यार्थियों को विभिन्न विभिन्न सरकारी योजनाओं से परिचित करवाया। कार्यक्रम के दौरान पॉलिटेक्निक विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विश्वविद्यालय कार्यशालाओं और प्रयोगशालाओं का दौरा भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का समापन आरपीएल सेल के उप निदेशक डॉ. भूपेंद्र यादव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।







