फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ डीएवी शताब्दी महाविद्यालय की युवा रेड क्रॉस और राष्ट्रीय कैडेट कोर इकाई द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य सेवा विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता एवं विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 40 से अधिक छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एनसीसी कैडेट्स, वाईआरसी स्वयंसेवक एवं अन्य विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता और व्याख्यान में सक्रिय भागीदारी निभाई। महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. अर्चना भाटिया ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने संतुलित जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
वाईआरसी काउंसलर दिनेश कुमार ने विस्तार व्याख्यान में छात्रों को वर्तमान डिजिटल युग में मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने की चुनौतियों के बारे में बताया। उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और स्क्रीन टाइम को कम करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। समग्र एसएफएस समन्वयक डॉ. रुचि अरोड़ा और ईएमा संयोजक डॉ. जितेन्द्र ढुल ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता के परिणाम निम्नलिखित रहे:
प्रथम स्थान: मीत कोली, द्वितीय स्थान: शिखा, तृतीय स्थान: आयुष
इसके अतिरिक्त दो सांत्वना पुरस्कार एवं पाँच प्रोत्साहन पुरस्कार भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन वाईआरसी काउंसलर दिनेश कुमार एवं ओमिता जौहर, तथा एनसीसी सीटीओ डॉ. रश्मि और नेत्रपाल सैन द्वारा किया गया।
