जे.सी.बोस विश्वविद्यालय में मीडिया के विद्यार्थियों के लिए रोजगार एवं प्रेरक सत्र समापन पर समूह चित्र में मुख्य वक्ता संजीव वशिष्ठ, डॉ पवन सिंह,सहायक प्राध्यापक डॉ.तरुणा नरुला एवं विद्यार्थी
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
जे.सी.बोस विश्वविद्यालय,वाईएमसीए,फरीदाबाद के विद्यार्थियों के कौशल व रोजगार क्षमता को बढ़ाने के लिए संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा “नियोक्ता क्या ढूंढते हैं” विषय पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया। मीडिया एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ पवन सिंह ने मुख्य वक्ता संजीव वशिष्ठ को प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया। सत्र का संचालन सहायक प्राध्यापक डॉ. तरुणा नरूला के मार्गदर्शन में किया गया। इस सत्र में पत्रकारिता और सामाजिक कार्य स्नातक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
युवा दिमाग को प्रेरित करने के लिए, रोजगार एवं प्रेरक विशेषज्ञ संजीव वशिष्ठ द्वारा सत्र का संचालन किया गया। श्री वशिष्ठ ने अपने संबोधन में मुख्य वक्ता संजीव वशिष्ठ ने एक कौशल यानी स्किलसेट हासिल करने के लिए प्रेरित किया जो वर्तमान समय में रोजगार के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छात्रों का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों को उनके कौशल विकास जैसे सॉफ्ट स्किल, संचार कौशल, व्यक्तित्व आदि को पोषित करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को केवल सपने देखने के बजाय लीक से हटकर सोचना चाहिए। बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हमेशा रचनात्मक और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। नकारात्मक विचार नकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। सकारात्मक विचार सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। नकारात्मक ऊर्जा युवाओं के भविष्य को अंधकारमय एवं सकारात्मक ऊर्जा जीवन को उज्जवल बनाने में सहायक होती है।
अंत में विद्यार्थियों और विशेषज्ञ वक्ता के मध्य प्रश्नोत्तर सत्र हुआ। इस सत्र आयोजन के लिए विभाग डीन प्रो.अतुल मिश्रा एवं विभाग अध्यक्ष डॉ पवन सिंह ने शुभकामनाएं देते हुए इस तरह के विशेष आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इस आयोजन में सहायक प्राध्यापक डॉ.तरुणा नरूला, सहायक प्राध्यापक डॉ. राहुल आर्य, तकनीकी सहायक पंकज सहित पत्रकारिता एवं सामाजिक कार्य स्नातक के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
